जानिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर तक कितना लगेगा टोल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स (Purvanchal Expressway Toll Tax) लगाने का निर्णय लिया गया है। 1 मई से इस एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स लगना शुरू हो जाएगा। यूपी सरकार के सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, आगरा एक्सप्रेसवे की तर्ज पर ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भी टोल टैक्स को लगाया जाएगा। आगरा एक्सप्रेसवे पर प्रति किलोमीटर 2.15 रुपये की दर से टोल टैक्स लगाया जाता है। अगर इस रेट को ही आधार बनाकर टोल टैक्स का निर्धारण किया जाता है तो लखनऊ से गाजीपुर जाने में एक वाहन चालक को 731 रुपये का भुगतान करना होगा। लखनऊ से गाजीपुर के बीच बने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की लंबाई 340 किलोमीटर है। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट की ओर से टोल टैक्स की मंजरी के बाद अब टोल संचालन के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे कई मायनों में काफी खास है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण लखनऊ से गाजीपुर के बीच कराया गया है। 340 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे को आठ पैकेज में विकसित किया गया। इस एक्सप्रेसवे में 22 फ्लाईओवर, 7 रेलवे ओवरब्रिज, 7 बड़े पुल, 114 छोटे पुल बनाए गए हैं। इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर 45 वाहन अंडरपास, 139 छोटे वाहन अंडरपास, 87 पैदल अंडरपास और 525 बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण किया गया है। करीब 11,216 करोड़ की लागत से इस एक्सप्रेसवे का निर्माण किया गया है। यूपी चुनाव 2022 से ठीक पहले 16 नवंबर 2021 को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लोकार्पण सुल्तानपुर के पास पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों कराया गया था। इस एक्सप्रेसवे पर फाइटर प्लेन भी उतारने की सुविधा बनाई गई है। यूपी चुनाव के कारण इस एक्सप्रेसवे को अब तक टोल फ्री रखा गया था। टोल टैक्स लगने से इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।
लखनऊ से गाजीपुर के बीच संभावित टोल टैक्स रेट:
स्थान का नाम | इंटरसेक्टिंग रोड नंबर | इंटरसेक्टिंग रोड | लखनऊ से दूरी | संभावित टोल दर |
बाराबंकी | एसएच 13 | हैदरगढ़ बाराबंकी रोड | 36 किलोमीटर | 77 रुपये |
रुदौली | एसएच 31 | इन्हौना-रुदौली रोड | 58 किलोमीटर | 125 रुपये |
रायबरेली | एसएच 15 | रायबरेली-फैजाबाद रोड | 81 किलोमीटर | 174 रुपये |
सुल्तानपुर | एसएच 19 | सुल्तानपुर-फैजाबाद रोड | 121 किलोमीटर | 260 रुपये |
अकबरपुर | एनएच 232 (NH 128) | सुल्तानपुर अकबरपुर रोड | 138 किलोमीटर | 297 रुपये |
दोस्तपुर | एमडीआर 113ई | अकबरपुर-दोस्तपुर रोड | 161 किलोमीटर | 346 रुपये |
जौनपुर के लिए | एसएच 5 | अकबरपुर-जौनपुर रोड | 182 किलोमीटर | 391 रुपये |
आजमगढ़ | एनएच 233 (NH 28) | आजमगढ़-टांडा रोड | 234 किलोमीटर | 503 रुपये |
मऊ | एसएच 34 | आजमगढ़-मऊ रोड | 253 किलोमीटर | 544 रुपये |
मऊ | एसएच 34 | मऊ गाजीपुर रोड | 294 किलोमीटर | 632 रुपये |
बलिया लिंक | बलिया लिंक रोड | प्रस्तावित बलिया लिंक रोड | 329 किलोमीटर | 707 रुपये |
गाजीपुर | एनएच 19 (NH 31) | एनएच 19 गाजीपुर | 340 किलोमीटर | 731 रुपये |
एक्सप्रेसवे पर घटेगा वाहनों का दबाव
टोल टैक्स लगाए जाने से एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव घटेगा। अभी इस सिक्स लेन एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स की वसूली नहीं होती है। इस कारण टैक्टर से लेकर तमाम छोटे-मोटे वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं। इससे कई बार दुर्घटना की स्थिति बनती दिखती है। वाहनों का दबाव घटने और धीमा चलने वाले वाहनों के कम होने से एक्सप्रेसवे की रफ्तार बढ़ जाएगी। साथ ही, इस एक्सप्रेसवे की लागत को भी निकालने में भी सरकार को मदद मिलेगी। सरकार ने इसके लिए कंपनी के चयन को मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर टोल टैक्स की दर को घोषित नहीं किया गया है।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बताया कि प्रकाश एसफाल्टिंग्स ऐंड टॉल हाइवेज को 222 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष पर टेंडर दिया गया है। एक साल बाद कंपनी को यूपीडा को 10 फीसदी अतिरिक्त बढ़ोतरी के साथ भुगतान करना होगा। कंपनी टॉल कलेक्शन के साथ 6 ऐंबुलेंस, 12 पट्रोलिंग वाहन भी मुहैया कराएगी।