जिला जज ने फंदा लगाकर किया सुसाइड, आवास में लटका मिला शव
गाजियाबाद: इस वक्त की सबसे बड़ी खबर दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आ रही है। यहां के अपर जिला जज-9 ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सुसाइड करने की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश कुमार का शव उनके आवास में फंदे पर लटका मिला है। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। जज योगेश कुमार अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के कोर्ट संख्या-9 में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, उनका आवास शहर के सिहानी थाना गेट में है और यहीं पर उनका शव पाया गया है।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना इलाके के नेहरू नगर में स्थित आवास पर अपर जिला जज-9 योगेश कुमार ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। सुबह 9 बजे मामले की जानकारी होने पर अन्य जज उन्हें यशोदा अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, योगेश कुमार की 17 मार्च 2020 को गाजियाबाद जिला अदालत में नियुक्ति हुई थी।