देशराज्य

दिल्ली में पांच मंजिला PG भरभराकर गिरा, 5 की मौत; मालिक पर FIR, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन की संकरी गली में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे बड़ा हादसा हुआ। लड़कों के पेइंग गेस्ट के तौर पर इस्तेमाल हो रही करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मलबे में फंसे 15 से 20 लोगों को निकालने के लिए देर रात तक बचाव अभियान जारी रहा।

एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचे 10 घायल, पांच की मौत

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रॉमा सेंटर में कुल 10 घायल लोगों को लाया गया। इनमें चार को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि बेहद गंभीर हालत में भर्ती एक अन्य व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन घायलों का अभी इलाज चल रहा है, जिनमें एक की सर्जरी की गई है। एक अन्य घायल को मामूली चोट थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मरम्मत के दौरान हादसा, बेसमेंट में पानी भरने का भी दावा

हादसे के समय इमारत के भूतल पर मरम्मत का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी काम के चलते इमारत ढही। निवासियों ने यह भी दावा किया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण बेसमेंट में पानी जमा हो गया था, जिससे इमारत की नींव कमजोर हो गई थी।

55 गज में बनी इमारत को सिर्फ G+1 की मंजूरी थी

एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पुनर्वास कॉलोनी में 55 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इस इमारत के लिए सिर्फ भूतल और एक मंजिल यानी G+1 के निर्माण की अनुमति थी। इसके बावजूद इमारत को पांच मंजिल यानी G+4 तक बना दिया गया था।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पास की एक अन्य इमारत को भी सील कर दिया है। इस इमारत का इस्तेमाल महिला पीजी के तौर पर हो रहा था। वहां रहने वाले सभी किरायेदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

70 जवानों के साथ NDRF की दो टीमें मौके पर

इमारत गिरने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमें 70 कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचीं। श्वान दस्ते की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश की गई। दबे हुए लोगों तक सांस लेने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर भी पहुंचाए गए।

दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एमसीडी, कैट और नागरिक सुरक्षा की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं। स्थानीय लोगों ने भी मलबा हटाने में बचाव दल की मदद की। मलबे में फंसे कुछ छात्रों के मोबाइल फोन से मदद के लिए संपर्क करने की जानकारी भी सामने आई।

CM रेखा गुप्ता ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस आयुक्त और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के महानिदेशक से बात कर हादसे की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचीं और एम्स ट्रॉमा सेंटर जाकर घायलों का हाल जाना।

मुख्यमंत्री ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, भवन मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

PG मालिक हरिराम समेत अन्य के खिलाफ FIR

साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम और अन्य लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही और लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

सिविक सेंटर के बाहर ABVP का प्रदर्शन

हादसे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के करीब 150 से 200 छात्रों ने नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों ने दिल्ली नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने मुख्य इमारत में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने करीब 15 छात्रों को हिरासत में लेकर कमला मार्केट थाने भेज दिया। उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------