मुख्यमंत्री के निर्देश पर फसाड लाइटों से जगमग हो रहा शहर : नगर आयुक्त
बरेली: नगर आयुक्त निधि गुप्ता ने बताया कि शहर की ऐतिहासिक प्रमुख इमारतों में नगर निगम कार्यालय, कोतवाली, मेथाडिस्ट चर्च समेत अन्य ऐतिहासिक इमारतें अब फसाड लाइटों से जगमगा रही हैं। ऐतिहासिक विरासत को संजोए हुए भव्य इमारतों में आधुनिक तकनीक का तड़का लगाया गया है। इसमें प्रकाश के रंगों का संयोजन परिवर्तित करने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। सुनियोजित फसाड लाइटें रात में मुख्य रूप से भवनों की मुख्य विशेषताओं की ओर केंद्रित करती हैं। भवन को भव्यता प्रदान करने के साथ ही अपनी आभा से आकर्षित करती हैं। उपरोक्त लाइटों से भवनों को राष्ट्रीय त्योहारों एवं अन्य अवसरों पर देश भक्ति, सांस्कृतिक थीम पर संचालित किया जाता है। लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष वार्ता में उन्होंने बताया कि शहर के बीचो बीच भव्य गांधी उद्यान में जल तरंगों के साथ म्यूजिकल फाउंटेन लगाया गया है। लोगों के मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए पाथवे बनाया है। साइड में बोलार्ड लगाकर उसे जगमग किया गया है। सुसज्जित पार्क शाम को सतरंगी लाइटें और म्यूजिकल फाउंटेन म्यूजिक सिस्टम गांधी उद्यान के सौंदर्य को चार चांद लगा रहे हैं। गांधी उद्यान पहुंचने वाले म्यूजिकल फाउंटेन के संगीत की धुनों पर थिरकने के लिए बेताब हो जाते हैं।
बरेली से ए सी सक्सेना ।