राजभर के आवास पर सपा कार्यकर्ताओं ने फेंके अंडे और टमाटर
लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के एक बयान से नाराज यादव महासभा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित उनके आवास पर जमकर प्रदर्शन किया। टमाटर और अंडे फेंके। शुक्रवार को मंत्री ने विवादित बयान में कहा था कि यादव और राजपूत समाज के लोग शराब ज्यादा पीते हैं।
इससे पहले शनिवार को सुबह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा था। अखिलेश यादव ने ट्वीट में लिखा कि केवल शराब ही क्यों गांजा-चिलम, ताड़ी, तम्बाकू, चरस, अफीम और अहंकार के खिलाफ भी आंदोलन होने चाहिए। ये नशे भी तो आजकल ख़ूब चल रहे हैं। नशा लोग करते हैं, कोई जाति नहीं।
प्रदर्शनकारियों ने लखनऊ के गौतमपल्ली स्थित कैबिनेट मंत्री राजभर के सरकारी आवास के बाहर लगी उनकी नेम प्लेट भी तोड़ डाली। प्रदर्शनकारियों में यादव महासभा के कार्यकर्ताओं के साथ समाजवादी छात्र सभा और समाजवादी युवजन सभा के लोग भी शामिल थे।
कैबिनेट मंत्री के आवास पर उपद्रव की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल वहां पहुंच गया और प्रदर्शनकारियों को समझा- बुझाकर मामला शांत करवाया। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह अक्सर अपने विवादित बयानों के चलते चचाज़् में बने रहते हैं। कभी-कभी उनके बयान से सरकार की किरकिरी भी होती है।
शुक्रवार को वाराणसी में उन्होंने फिर एक विवादित बयान देते हुए कहा था कि सबसे ज्यादा शराबी यादव और राजपूत होते हैं और बदनाम राजभर समाज के लोग होते हैं।