Top Newsदेश

लद्दाख में मौत बनकर आई एक चूक? 600 फुट गहरी खाई में गिरा सेना का ट्रक, दो जवानों की गई जान

लद्दाख: नेशनल हाईवे-1 पर नामिका ला पास के पास एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई। सेना का एक भारी वाहन सड़क से फिसलकर करीब 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चला रहे ड्राइवर और उनके साथ मौजूद को-ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने फिलहाल दोनों जवानों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। उनके परिजनों को सूचना देने के बाद ही पहचान उजागर की जाएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेना के वाहनों का काफिला एक संकरी पहाड़ी सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान जरूरी सामान ले जा रहा एक भारी ट्रक मोड़ पर अपना संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि यह मोड़ काफी खतरनाक था और यहां वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत थी।

कठिन परिस्थितियों में चलाया गया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए। वाखा में तैनात स्थानीय पुलिस और कारगिल स्थित जिला कमान ने सेना की इकाइयों, आईटीबीपी, एनडीआरएफ की टीमों और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। स्थानीय लोगों को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों की जानकारी होने के कारण अभियान में उनकी मदद ली गई।

दुर्घटनास्थल तक पहुंचना बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती रहा। इलाके में चट्टानें, ढीले पत्थर और हिमस्खलन का खतरा मौजूद था। काफी मशक्कत के बाद वाहन के मलबे से दोनों जवानों के शव बरामद किए गए। इसके बाद शवों को चिकटन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

हादसे की जांच शुरू, तकनीकी खराबी समेत सभी पहलुओं की पड़ताल

अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवानों की मौत के कारणों और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी और चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

घटना के बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। वाखा पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सेना की ओर से कहा गया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। इसमें वाहन में तकनीकी खराबी, मानवीय चूक और खराब पर्यावरणीय परिस्थितियों सहित सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be