शामली में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं लगी तो लगेगा जुर्माना
शामली। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न लगाने वाले वाहनों पर अब पांच हजार रुपये का जुर्माना देना पड़ेगा। जिले में अभी तक लगभग 25 प्रतिशत वाहनों पर ही प्लेट लग पाई है। शासन ने 2019 से पहले के सभी तरह के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाना अनिवार्य किया है। नई प्लेट लगाने के लिए करीब दो साल से प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान शासन की तरफ से कई बार तिथि निर्धारित की गई, लेकिन इसके बाद भी सभी वाहनों पर यह प्लेट नहीं लग पाई। जिले में अभी भी 2019 से पहले के वाहनों पर पुरानी पंजीकरण प्लेट ही लगी हुई नजर आती है।
विभाग की तरफ से कई बार अभियान चलाने के बाद भी सभी वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट नहीं लग पाई। अब शासन ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न लगाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शासन ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न लगाने वाले वाहनों का चालान कर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। जिले में 2019 से पहले के लगभग 80 हजार वाहन पंजीकृत है, जिनमें लगभग 65 हजार दुपहिया वाहन, छह हजार चार पहिया, 400 बसें, 600 स्कूल वाहन, करीब 1500 ई-रिक्शा वाहन व अन्य हैं। इन वाहनों में अब तक करीब 19 हजार वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लग पाई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रोहित राजपूत ने बताया कि सभी तरह के वाहनों पर उच्च सुरक्षा पंजीकरण प्लेट लगाना अनिवार्य है। शासन के निर्देश पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट न लगाने वाले वाहनों के चालान कर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि वाहनों पर नई प्लेट लगवाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाकर वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है।