राज्यसभा चुनाव के बाद मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल? कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदलने की चर्चा तेज
नई दिल्ली: आगामी राज्यसभा चुनावों के बीच केंद्र की एनडीए सरकार में संभावित कैबिनेट विस्तार और बड़े फेरबदल को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी टीम में व्यापक बदलाव कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन मंत्रियों के विभागों में बदलाव संभव है और राज्यसभा चुनाव के बाद इस दिशा में गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
चुनावी रणनीति के तहत हो सकते हैं बदलाव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों, विशेषकर उत्तर प्रदेश समेत कई अहम राज्यों को ध्यान में रखते हुए सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर नई रणनीति पर काम कर रही है। इसी क्रम में कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव और कुछ नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
कई मंत्रियों की छुट्टी की अटकलें
सूत्रों का दावा है कि कम से कम दो कैबिनेट मंत्री और तीन राज्य मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से बाहर किया जा सकता है। वहीं एक वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री को संगठन में अहम जिम्मेदारी देकर दक्षिण भारत के किसी राज्य में भेजे जाने की भी चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही है।
सहयोगी दलों का बढ़ सकता है कद
एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों को सरकार में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। चर्चा है कि जनता दल (यूनाइटेड), तेलुगु देशम पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। विशेष रूप से जेडीयू और टीडीपी को अतिरिक्त प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना बताई जा रही है। हालांकि अधिकांश सहयोगी नेताओं को राज्य मंत्री स्तर की जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं।
नए चेहरों को मौका देने की तैयारी

रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल निकट भविष्य में समाप्त होने वाला है, उनमें से कुछ को संगठन में नई भूमिका दी जा सकती है। भाजपा नेतृत्व 70 वर्ष से अधिक आयु वाले कुछ राज्यसभा सांसदों की जगह नए चेहरों को आगे बढ़ाने पर भी विचार कर सकता है। पार्टी के विभिन्न मोर्चों में सक्रिय नेताओं को पहली बार केंद्र सरकार में शामिल किए जाने की चर्चा भी है।
इन मंत्रालयों में बदलाव की संभावना
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक रेलवे, वित्त, कॉर्पोरेट कार्य, कोयला, वस्त्र, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, ग्रामीण विकास, रसायन एवं उर्वरक, सहकारिता, मत्स्य पालन, जल शक्ति, कृषि, पर्यावरण और कानून मंत्रालय समेत कई अहम विभागों में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। हालांकि सरकार की ओर से अब तक किसी भी संभावित बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
18 जून को होंगे राज्यसभा चुनाव
18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटों, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटों, झारखंड की दो सीटों तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट पर मतदान होना है। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव भी प्रस्तावित हैं। कुल 26 सीटों के लिए होने वाले चुनाव और उपचुनाव में एनडीए की स्थिति मजबूत मानी जा रही है और भाजपा के खाते में बड़ी संख्या में सीटें आने की संभावना जताई जा रही है।
