Sunday, September 6, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा में आधी रात गूंजे ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे, भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु; श्री श्याम मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

गोण्डा: ददुआ बाजार स्थित श्री श्याम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का जैसे ही मध्यरात्रि 12 बजे शुभ समय हुआ, पूरा मंदिर परिसर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में जमकर उत्सव मनाया।

भजन संध्या में भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से पहले मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों रोहित शर्मा, गोकुल चंद शर्मा, पुनीत बंसल, विशाल बंसल, अंकित लवी, आलोक भावसिंहका और दौलत शर्मा समेत अन्य कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में सराबोर नजर आए।

‘वो बड़ी देर भई नंदलाला, वो तेरी राह कटे व्रजवाला…’, ‘गोविंद चले आओ, गोपाल चले आओ…’, ‘संदेशा आया है, कन्हैया आएंगे…’ और ‘आएगा, आएगा, आएगा, लीले चढ़ सांवरा…’ जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भगवान की भक्ति में लीन नजर आए।

रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक नजर आया मंदिर

-------------------------------------------------------------------------------------------

जन्माष्टमी के अवसर पर श्री श्याम मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। बाबा-दादी का दरबार भी बेहद मनमोहक तरीके से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर की सजावट और भक्ति से सराबोर वातावरण ने जन्मोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया।

आधी रात को हुआ श्रीकृष्ण जन्म, आरती के बाद बांटा प्रसाद

मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद विधिवत आरती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका, सचिव सुशील पचेरिया, योगेश मित्तल, आशीष भावसिंहका समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------