जिलाधिकारी ने पेश की मानवता की मिसाल, गरीब ITI छात्रा को दिलवाई नई साइकिल


बरेली, 24 सितंबर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एक गरीब छात्रा के प्रार्थना पत्र पर तत्काल कार्रवाई कर मानवता की मिसाल पेश की है।
मामला राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का है। यहाँ रहकर ITI की पढ़ाई कर रही छात्रा नीतू की साइकिल कुछ दिन पूर्व छात्रावास परिसर से अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। निर्धन परिवार से ताल्लुक रखने वाली नीतू के लिए साइकिल ही उसके स्कूल, ITI संस्थान और लाइब्रेरी तक आने-जाने का एकमात्र सहारा थी। साइकिल चोरी होने के बाद से उसे रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा था, जिसके कारण उसकी पढ़ाई और समय दोनों प्रभावित हो रहे थे।
परेशान छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपनी समस्या को लेकर जिलाधिकारी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। जिलाधिकारी ने छात्रा की पूरी बात को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
-------------------------------------------------------------------------------------------
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से छात्रा नीतू को नई साइकिल उपलब्ध करा दी गई। नई साइकिल पाकर छात्रा के चेहरे पर खुशी लौट आई।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी गरीब छात्र की शिक्षा में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि हर जरूरतमंद छात्र को हर संभव मदद दी जाए।
जिलाधिकारी की इस त्वरित और संवेदनशील पहल की चारों ओर सराहना हो रही है। छात्रा नीतू और उसके परिवार ने जिलाधिकारी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

