बलरामपुर चीनी मिल में पेराई सत्र का शंखनाद: 7 से 10 दिन में होगा गन्ना भुगतान, उठी 550 रुपये प्रति कुंतल भाव की मांग


बलरामपुर। क्षेत्र के हजारों गन्ना उत्पादकों की प्रतीक्षा अब समाप्त हो गई है। बलरामपुर चीनी मिल की मुख्य इकाई में पेराई सत्र 2026-27 का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया। वैदिक अनुष्ठान और हवन-पूजन के पश्चात जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से डोंगे में गन्ना डालकर मिल के पहिये को गति दी। सत्र की शुरुआत के साथ ही मिल परिसर में मौजूद किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।मिल के अधिशासी अध्यक्ष केके बाजपेई ने आगामी सत्र की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रबंधन ने इस बार भी 1 करोड़ 80 लाख कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य तय किया है, जो पिछले सत्र के रिकॉर्ड के बराबर है। उन्होंने स्वीकार किया कि अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण फसल को आंशिक क्षति पहुंची है, लेकिन रकबा बढ़ने से मिल अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर लेगी।
गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसानों को आश्वस्त करते हुए श्री बाजपेई ने कहा कि मिल प्रबंधन अपनी पुरानी पारदर्शी व्यवस्था पर कायम है। यद्यपि सरकारी नियमों के तहत भुगतान की समय-सीमा 14 दिन है, लेकिन मिल की कोशिश रहेगी कि 7 से 10 दिनों के भीतर ही किसानों को पैसा मिल जाए। इसके लिए सप्ताह में दो दिन नियमित भुगतान किया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि बीते सत्र में भी मिल बंद होने के महज एक हफ्ते के अंदर शत-प्रतिशत बकाया चुकता कर दिया गया था।
खरीद केंद्रों पर होने वाली असुविधाओं को दूर करने के लिए इस बार विशेष कदम उठाए गए हैं। मिल से जुड़े करीब 105 क्रय केंद्रों पर गन्ने की त्वरित लोडिंग के लिए मैकेनिकल लोडर और अधिक क्षमता वाले बड़े वाहनों की तैनाती की गई है। बहराइच जनपद के सभी 37 केंद्र पहले दिन से ही क्रियाशील कर दिए गए हैं, जबकि जलभराव से प्रभावित कुछ स्थानीय केंद्रों को शीघ्र सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं।
समारोह में सम्मानित किए गए प्रगतिशील किसान पवन कुमार तिवारी (जो 1998 से मिल को गन्ना आपूर्ति कर रहे हैं और पिछले साल 4300 कुंतल गन्ना दिया था) ने मिल प्रबंधन द्वारा समय पर खाद, बीज और भुगतान उपलब्ध कराने की प्रशंसा की। हालांकि, उन्होंने बढ़ती लागत का हवाला देते हुए गन्ने का समर्थन मूल्य कम से कम 550 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी। वहीं, सदर विधायक पलटूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और समयबद्ध पेराई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उद्घाटन अवसर पर पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, सदर विधायक पलटूराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व किसान मौजूद रहे।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
