सोनिया गांधी की किताब के पेज 201 पर ऐसा क्या लिखा है? महाराष्ट्र में बैन की मांग, शिंदे गुट ने फाड़कर जताया विरोध
मुंबई: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब में वीर सावरकर को लेकर लिखी गई बातों और पेज नंबर 201 की सामग्री पर कड़ी आपत्ति जताई है। गुट के नेताओं ने आरोप लगाया कि किताब में वीर सावरकर के साथ-साथ शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का भी अपमान किया गया है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से किताब पर पूरे राज्य में प्रतिबंध लगाने की मांग की है।शिंदे गुट के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर कांग्रेस और उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया। उनका कहना है कि किताब में वीर सावरकर के अंग्रेजों से माफी मांगने और उन्हें पत्र लिखने का उल्लेख किया गया है, जो उनके अनुसार सावरकर और महाराष्ट्र का अपमान है।
उद्धव ठाकरे पर भी साधा निशाना
शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं ने सवाल उठाया कि उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी की किताब में सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। उनका आरोप है कि उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर चुप हैं, जबकि कांग्रेस नेताओं के साथ उनकी नजदीकी बनी हुई है। नेताओं ने किताब के पेज नंबर 201 में लिखी बातों को बालासाहेब ठाकरे का अपमान भी बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिंदे गुट के नेताओं ने किताब को हिंदुत्व विरोधी बताते हुए उस पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इसका नाम ‘Belonging of Love’ की जगह ‘Belonging of Jihad’ होना चाहिए। नेताओं ने चेतावनी दी कि किताब में वीर सावरकर के कथित अपमान को महाराष्ट्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजय निरुपम ने भी की प्रतिबंध लगाने की मांग

इस विरोध के दौरान शिंदे गुट के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़कर अपना आक्रोश जताया। मामले पर संजय निरुपम ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने उद्धव ठाकरे से सवाल किया कि सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर के अपमान का आरोप लगने के बावजूद वह इस पर कुछ क्यों नहीं बोल रहे हैं।
निरुपम ने किताब का विरोध करते हुए महाराष्ट्र सरकार से पूरे राज्य में इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। वहीं, आनंद दुबे ने आरोप लगाया कि किताब में जहर भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर ने काफी यातनाएं सही थीं, लेकिन किताब में उनके बारे में ऐसी बातें लिखी गई हैं।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
