लाइफस्टाइल

हाथों की खूबसूरती बिगाड़ रही हैं सूखी और फटी उंगलियां? इन 6 आसान तरीकों से रखें त्वचा का ख्याल

नई दिल्ली: खूबसूरत दिखने के लिए सिर्फ चेहरे की देखभाल करना काफी नहीं है। हाथों और पैरों की साफ-सफाई के साथ उनकी त्वचा का ख्याल रखना भी जरूरी है। अक्सर महिलाएं चेहरे की देखभाल पर तो पूरा ध्यान देती हैं, लेकिन हाथों की उंगलियों को नजरअंदाज कर देती हैं। घर के कामों के दौरान बार-बार पानी और साबुन के संपर्क में आने से उंगलियां रूखी, फटी और छिली हुई नजर आने लगती हैं। इससे हाथों की खूबसूरती भी प्रभावित होती है।

अगर आपकी उंगलियों की त्वचा भी सूखी और बेजान हो रही है, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर उनकी देखभाल कर सकती हैं।

1. दिन में कई बार लगाएं मॉइस्चराइजिंग क्रीम

उंगलियों की नमी बनाए रखने के लिए दिन में कई बार अच्छी गुणवत्ता वाली मॉइस्चराइजिंग क्रीम या लोशन लगाएं। ये त्वचा में नमी बनाए रखने और उसे दोबारा रूखा होने से बचाने में मदद करते हैं। अधिक रूखी त्वचा के लिए बॉडी बटर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

2. घर के काम करते समय पहनें दस्ताने

अगर आपको बर्तन धोने, कपड़े साफ करने या दूसरे घरेलू कामों के दौरान बार-बार पानी में हाथ डालने पड़ते हैं, तो दस्तानों का इस्तेमाल करें। इससे त्वचा का प्राकृतिक तेल कम निकलता है और हाथों को रूखेपन से बचाने में मदद मिलती है।

3. तेज खुशबू वाले साबुन से बचें

कठोर साबुन और तेज खुशबू वाले उत्पाद त्वचा का रूखापन बढ़ा सकते हैं। ऐसे में हल्के और खुशबू रहित क्लींजर का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे हाथों की त्वचा को अनावश्यक रूप से रूखा होने से बचाने में मदद मिलती है।

4. उंगलियों पर लगाएं एलोवेरा जेल

त्वचा की देखभाल के लिए ताजा एलोवेरा जेल भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे उंगलियों पर लगाएं। नहाने के तुरंत बाद इसका इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है, क्योंकि इस समय त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

5. स्क्रबिंग से हटाएं रूखी त्वचा

उंगलियों पर जमा मृत और रूखी त्वचा को हटाने के लिए स्क्रबिंग का सहारा लिया जा सकता है। इसके लिए जैतून के तेल में एक से दो बड़े चम्मच दानेदार चीनी मिलाकर घरेलू स्क्रब तैयार करें। हालांकि, अगर उंगलियों पर गहरी दरारें, कट या जलन है, तो स्क्रब करने से बचें।

6. रात में लगाएं पेट्रोलियम जेली

उंगलियों की त्वचा को नमी देने के लिए रात में पेट्रोलियम जेली लगाई जा सकती है। खासकर स्क्रबिंग के बाद इसका इस्तेमाल करने से त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। इसे उंगलियों पर अच्छी तरह लगाकर रातभर छोड़ दें।

कब डॉक्टर से लें सलाह?

अगर उंगलियों में बार-बार दरारें पड़ रही हैं, खून निकलता है, तेज खुजली या जलन होती है अथवा घरेलू देखभाल के बाद भी परेशानी बनी रहती है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। कई बार लगातार रूखापन किसी त्वचा संबंधी समस्या का संकेत भी हो सकता है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be