Saturday, February 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

दिल्ली में धूप ने बढ़ाया पारा, इस दिन होगी तेज हवा के साथ बारिश; मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

नई दिल्ली। दिन भर खिली रही धूप के चलते शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान इस सीजन का सर्वाधिक दर्ज किया गया। यह बात अलग है कि रात और सुबह अभी भी ठंडक का असर बना हुआ है। अभी दो दिन और मौसम का ऐसा ही मिजाज देखने को मिल सकता है।

धूप के चलते तापमान में इजाफा
इसके बाद सोमवार को इसमें बदलाव होने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार सुबह दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिला। दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा साफ हो गया और आठ बजे के बाद धूप खिल आई। इसके चलते अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ।

अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 97 से 27 प्रतिशत तक रहा। पीतमपुरा का दिन सबसे गर्म, जबकि मुंगेशपुर की सुबह सबसे ठंडी रही।

इस दिन हल्की बारिश का अनुमान
मालूम हो कि पीतमपुरा का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि मुंगेशपुर का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27 और न्यूुनतम आठ डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हवा की गति चार से 12 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

वहीं, रविवार के बाद दिल्ली के मौसम पर अभी एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। इसके चलते सोमवार को तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। इसके चलते मंगलवार को फिर से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। दिन का तापमान 21 डिग्री तक रह सकता है।

खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 269 रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। हवा की गति कम होने के चलते प्रदूषक कणों का बिखराव धीमा है। अगले दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हवा की रफ्तार बढ़ने पर प्रदूषित हवा से राहत मिल सकती है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------