विश्व कल्याण के लिए महाशक्ति बनेगा भारत, 2047 तक बनाना सुपरपावर: राजनाथ सिंह
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश ही नहीं, बल्कि महाशक्ति (सुपर पावर) बनाना है। महाशक्ति किसी देश पर आक्रमण करने, किसी देश पर कब्जा करने के लिए नहीं, बल्कि विश्व कल्याण के लिए बनाना है। रक्षामंत्री सोमवार को निराला नगर स्थित माधव सभागार में सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में आयोजित समरसता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का कद बहुत ऊंचा हुआ है। पहले विश्व मंच पर भारत की बात को गंभीरता से नहीं सुना जाता था, लेकिन आज अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत कुछ बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत बोल क्या रहा है।
भारत वर्ष 2027 तक तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा
रक्षामंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले अर्थव्यवस्था के मामले में भारत दुनिया में 11 स्थान पर था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था आज विश्व में पांचवे स्थान पर पहुंच गई है। भारत जिस तेजी से विकास कर रहा है। उससे भारत वर्ष 2027 तक विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
10 वर्षों के भीतर गरीबी पूरी तरह समाप्त करेंगे
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि आजाद भारत में सभी सरकारों ने देश से गरीबी समाप्त करने की बात कही, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए। हमारा संकल्प है कि अगले 10 वर्षों के भीतर भारत से गरीबी पूरी तरह समाप्त करने का काम करेंगे। रक्षामंत्री ने कहा कि देश की जनता का समर्थन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। इसलिए चुनाव के दौरान प्रत्याशी नहीं देखना है, बल्कि नरेन्द्र मोदी को एक बार प्रधानमंत्री बनाना है। इस उद्देश्य से शत-प्रतिशत मतदान करना है। रक्षामंत्री ने कहा कि 20 मई को एक भी मतदाता शेष नहीं रहना चाहिए जो अपना मतदान केंद्र तक न पहुंचे।

अखंड भारत बनाने में सरदार पटेल का अहम योगदान
रक्षामंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत को अखंड देश बनाने में अहम योगदान दिया। आजादी के बाद सरदार पटेल ने देश की सभी रियासतों को एक करने का काम किया। कुछ रियासतों ने भारत में विलय करने से मना किया, लेकिन उन्होंने सरदार पटेल की कुटनीति का नतीजा था कि एक भारत हो सका। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री का पद संभाला। उन्होंने सबसे पहले सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाने का संकल्प लिया। इसके लिए हिन्दुस्तान के प्रत्येक गांव से किसान और जन-जन से लोहे का टुकड़ा इक्ट्ठा किया, जिसके बाद यूनिटी ऑफ स्टैच्यू बनवाया।
चुनाव में समय न देने पर माफी मांगी
रक्षामंत्री ने व्यस्तता का हवाला देते हुए कहा कि लखनऊ निर्वाचन क्षेत्र में जितना समय मुझे देना चाहिए। उतना मैं नहीं दे पा रहा है। इसके लिए मैं लखनऊ की जनता से माफी मांगता हूं। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अवध क्षेत्र अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, रक्षामंत्री ओएसडी केपी सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, डा. राघवेंद्र शुक्ला, लखनऊ महानगर महामंत्री राम अवतार कनौजिया, डा. प्रमोद कुमार गंगवार, अभिलाषा कटियार सहित कई लोग शामिल हुए।
