झारखंड में बारिश का कहर! घर गिरने से 2 लोगों की मौत

झारखंड के दुमका जिले में शुक्रवार सुबह भारी बारिश का कहर बरपा। भारी बारिश के कारण मकानों के ढहने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि हंसडीहा थाना क्षेत्र में बामनखेता गांव में भारी बारिश के कारण मकान ढह जाने से 10 साल के लड़के की मौत हो गई और उसकी बड़ी बहन घायल हो गई।
हंसडीहा के थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्चे घर में थे और नाश्ता तैयार किया जा रहा था कि तभी ईंट और गारे से बने कच्चे मकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को निकाला। एक बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे घायल बच्चे को इलाज के लिए देवघर भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। उसकी बहन मासूम कुमारी (14) भी इस घटना में घायल हो गई। सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलुडीह गांव में एक मकान की दीवार ढह जाने से 92 वर्षीय तिल्ली मरीक नामक व्यक्ति की मौत हो गई।
झारखंड में इस साल मानसून की बारिश नए रिकॉर्ड बना रही है। दिनों के हिसाब से बात करें तो इस सीजन (2025) के जुलाई महीने में बारिश ने पिछले 19 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इस साल जुलाई के 31 दिनों में से कुल 30 दिन राज्य में बारिश हुई। वहीं, इससे पहले आखिरी बार वर्ष 2006 में जुलाई के ही महीने में कुल 23 दिन पानी बरसा था।


मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जून महीने में भारी बारिश होने के बाद जुलाई में सबसे अधिक दिन तक मानसून ने बरस कर नया रिकॉर्ड बनाकर सबको चौंका दिया है। इस साल एक जुलाई से लेकर 31 जुलाई के बीच केवल एक दिन ही ऐसा रहा, जब आसमान से पानी नहीं बरसा। बाकी हर दिन बारिश हुई। खासकर रांची, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसांवा जिलों में प्रत्येक दिन बादलों से पानी गिरा।