देशराजनीति

25 बार तबादले झेलने वाले IAS तुकाराम मुंढे से पूछा- क्या बनना चाहते हैं महाराष्ट्र के CM? जवाब सुनकर रह जाएंगे हैरान

मुंबई: महाराष्ट्र के चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। अपनी सख्त कार्यशैली और नियमों के उल्लंघन पर बेधड़क कार्रवाई के लिए पहचाने जाने वाले मुंढे से जब पूछा गया कि क्या वह महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही वह लगातार सक्रिय हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कई रेस्तरां और गोदामों पर छापेमारी कर नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है।

22 नवंबर को पुणे के फर्ग्यूसन कॉलेज में आयोजित युवा महोत्सव के दौरान उनसे मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को लेकर सवाल किया गया था। इस पर मुंढे ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री बनना किसी की इच्छा सूची में हो सकता है, लेकिन उनकी ऐसी कोई इच्छा सूची नहीं है। उन्होंने संकेत दिया कि वह भविष्य में मिलने वाले पदों के बजाय वर्तमान जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हैं।

मुख्यमंत्री बनने की इच्छा पर क्या बोले तुकाराम मुंढे?

मुंढे ने अपने जवाब में करीब 10 साल पुराना एक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह सोलापुर के जिलाधिकारी थे, तब भी उनसे पूछा जाता था कि क्या वह कभी खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त बनेंगे। उस समय भी उनका जवाब यही होता था कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है।

उनका कहना है कि वह भविष्य में कौन-सा पद मिलेगा या आगे क्या जिम्मेदारी मिलेगी, इसकी योजना बनाकर काम नहीं करते। फिलहाल वह एक लोक सेवक हैं और अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भविष्य में क्या होगा, यह समय पर छोड़ देना चाहिए। उनके इस जवाब से साफ है कि वह पद और महत्वाकांक्षा के बजाय अपने मौजूदा काम पर ध्यान देना पसंद करते हैं।

अपने बच्चों को IAS नहीं, नेता या उद्यमी बनाना चाहते हैं

तुकाराम मुंढे अपने बच्चों के भविष्य को लेकर दिए गए एक बयान के कारण भी पहले चर्चा में आ चुके हैं। एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि अगर उनके बच्चे उनसे भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा जाहिर करेंगे, तो वह उन्हें ऐसा करने की सलाह नहीं देंगे।

मुंढे चाहते हैं कि उनके बच्चे नेता या उद्यमी बनें, ताकि वे व्यवस्था के दबाव से अलग रहकर समाज के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें। उनका मानना है कि आज के युवाओं में ऊर्जा और ज्ञान की कमी नहीं है। इसलिए उन्हें ऐसे पेशों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, जहां उनकी स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है।

21 साल की नौकरी में 25 बार हुआ तबादला, परिवार को भी उठानी पड़ी परेशानी

तुकाराम मुंढे की पहचान एक सख्त और स्पष्ट प्रशासनिक अधिकारी के रूप में रही है। भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई के चलते वह अक्सर चर्चा में रहते हैं। करीब 21 साल की सेवा के दौरान उनका 25 बार तबादला हो चुका है।

एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि जनसेवा और अपने काम करने के तरीके के कारण उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्वीकार किया कि यह रास्ता उन्होंने खुद चुना था और इसके लिए मानसिक रूप से तैयार भी थे, लेकिन बार-बार होने वाले तबादलों का असर उनके परिवार पर भी पड़ा।

मुंढे के मुताबिक, उनके परिवार को भी लगातार स्थान बदलने और इससे जुड़ी परिस्थितियों के कारण मुश्किलें झेलनी पड़ीं। यही वजह है कि वह अपने बच्चों को ऐसा करियर चुनने की सलाह नहीं देना चाहते, जिसमें उन्हें भी इसी तरह की चुनौतियों से गुजरना पड़े।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be