Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

26वाँ इंडियन वेटरनरी कांग्रेस एवं 33वाँ आईएएवीआर वार्षिक सम्मेलन का 12–13 फरवरी 2026 को आयोजन


बरेली,11फरवरी। भारतीय पशु चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित आयोजन 26वें इंडियन वेटरनरी कांग्रेस के साथ-साथ इंडियन एसोसिएशन फॉर द एडवांसमेंट ऑफ वेटरनरी रिसर्च (आईएएवीआर) का 33वाँ वार्षिक सम्मेलन तथा “वैश्विक परिप्रेक्ष्य में पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन (पोल्ट्री एवं वन्यजीव सहित) में प्रगति एवं उभरती प्रवृत्तियाँ” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 12–13 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. रविकांत अग्रवाल एवं विभागाध्यक्ष, जैविक उत्पाद विभाग ने बताया कि आईएएवीआर के संस्थापक सचिव एवं वरिष्ठ सेवानिवृत्त पशुचिकित्सा वैज्ञानिक डॉ ऋषेंद्र वर्मा आयोजन का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। इस सम्मेलन का‌ उद्देश्य पशु स्वास्थ्य एवं सतत् पशुधन विकास को सुदृढ़ करने हेतु राष्ट्रीय स्तर पर नवाचार, क्षमता निर्माण एवं नीति-उन्मुख चर्चाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करना है।
उन्होने आगे बताया कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में देश के विभिन्न भागों से 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे । प्रतिनिधियों में पशुचिकित्सक, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, विद्यार्थी, नीति-निर्माता तथा उद्योग जगत के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन के दौरान पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन से संबंधित उभरती प्रवृत्तियों एवं समकालीन चुनौतियों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रमुख विषयों में रोग निवारण, निदान एवं वैक्सीन विकास, वन हेल्थ, खाद्य सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), पोल्ट्री स्वास्थ्य तथा वन्यजीव स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल होंगे। यह आयोजन विचारों के आदान-प्रदान, व्यावसायिक संवाद तथा पशुचिकित्सा एवं संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।
सम्मेलन में प्लेनरी व्याख्यान, तकनीकी सत्र एवं संवादात्मक चर्चाओं के माध्यम से नवाचार को प्रोत्साहित करने, नीति-आधारित संवाद तथा क्षमता निर्माण पर विशेष बल दिया जाएगा, जिससे देश में पशु स्वास्थ्य एवं सतत पशुधन विकास को मजबूती मिल सके।बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------