Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित होंगे डिजिटल पुस्तकालय, छात्रों को मिलेगी बेहतर अध्ययन सामग्री :अविनाश सिंह ,डी.एम.

 

बरेली, 17 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज पंचायत विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किए जाने के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में अवगत कराया गया कि शासन से एक डिजिटल पुस्तकालय के निर्माण हेतु चार लाख रुपए की धनराशि का आवंटन किया गया है। पुस्तकालय हेतु फर्नीचर, पुस्तकें व अन्य सामग्री जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय किया जाएगा। आई0टी0 सम्बन्धी उपकरणों का क्रय शासन द्वारा नामित यूपीडेस्को से किया जाएगा।

बैठक में अवगत कराया गया कि शासन द्वारा डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना हेतु 398 ऐसी ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें दो या दो से अधिक कक्ष वाले एवं एक हॉल की उपलब्धता है। प्रथम चरण में 199 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण कराया जाएगा।

जनपद स्तरीय समिति द्वारा पुस्तकालय फर्नीचर/संग्रहण सामग्री का क्रय वित्तीय नियमों को पालन करते हुए जेम पोर्टल से किया जाएगा। उक्त सामग्री आपूर्ति हेतु जनपद स्तर से चयनित संस्था द्वारा सम्बंधित ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में आपूर्ति करते हुए उनकी स्थापना करायी जाएगी। डिजिटल पुस्तकालय हेतु में लगभग 1225 पुस्तकों की सूची निदेशालय स्तर से प्राप्त हुई हैं। अन्य 50 प्रतिशत पुस्तकों का चयन करते कमेटी गठित करते हुए जेम पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

बैठक में अवगत कराया गया कि डिजिटल पुस्तकालय का संचालन पंचायत सहायक/अकाउंटेंट कम डाटा एण्ट्री ऑपरेटर द्वारा किया जाएगा। डिजिटल पुस्तकालय का ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत प्रधान एवं सचिव द्वारा क्रियान्वयन तथा अनुश्रवण किया जाएगा। पंचायतों द्वारा डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना को अपनी वार्षिक कार्ययोजना में लेते हुए ग्राम पंचायत विकास योजना में सम्मिलित किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, उप जिलाधिकारी/ खण्ड विकास अधिकारी सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट