देव दीपावली पर 10 लाख दीयों से रोशन होंगे वाराणसी के घाट, दिवाली पर 26 लाख दीयों से जगमग होगी अयोध्या
वाराणसी: यूपी के वाराणसी में इस बार देव दीपावली के मौके पर भव्य उत्सव मनाए जाने की तैयारी है। 5 नवंबर को देव दीपावली के मौके पर वाराणसी के घाटों पर 10 लाख से अधिक दीये अर्धचंद्राकार घाटों को रोशन करेंगे। इन 10 लाख दीयों में एक लाख दिए गाय के गोबर से बने होंगे, जो पर्यावरण के अनुकूल होंगे।
वाराणसी में BJP की पूर्व विधायक के बेटे की दबंगई, परिवार के गेट के सामने खड़ी की बाउंड्री वॉल; VIDEO वायरल
माना जा रहा है कि वाराणसी के घाटों पर होने वाले इस दिव्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों भक्त और पर्यटक जमा होंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए घाटों पर रोशनी की आकर्षक व्यवस्था की जाएगी और साज-सजावट के साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

राजघाट पर 1 से 4 नवंबर तक चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव
5 नवंबर को होने वाली देव दीपावली से पहले राजघाट पर 1 से 4 नवंबर तक चार दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव, ‘गंगा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा का प्रदर्शन होगा। इस अनुभव को और समृद्ध बनाने के लिए, चेतसिंह घाट पर एक लेज़र शो काशी की पौराणिक कथाओं का वर्णन करेगा। साथ ही, गंगा की रेती पर प्रदूषण-मुक्त हरित आतिशबाजी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगी।

दिवाली से कितनी अलग है देव दीपावली?
दिवाली कार्तिक मास की अमावस्या को मनाई जाती है, यह लक्ष्मी पूजा का मुख्य दिन होता है। वहीं देव दीपावली कार्तिक मास की पूर्णिमा को मनाई जाती है, जो दिवाली के लगभग 15 दिन बाद होती है। इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं।
दिवाली को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रूप में मानते हैं और ये माना जाता है कि भगवान राम के अयोध्या लौटने के बाद से ये त्यौहार मनाया जाने लगा। इसके अलावा इसे माता लक्ष्मी की पूजा के साथ भी जोड़ा जाता है। वहीं देव दीपावली भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर राक्षस के वध की स्मृति में मनाई जाती है। यह देवताओं की दीपावली मानी जाती है, जब देवता धरती पर उतरकर दीप जलाते हैं। दिवाली पूरे भारत में मनाई जाती है। वहीं देव दीपावली मुख्य रूप से वाराणसी में गंगा घाटों पर मनाई जाती है।
दिवाली पर जगमग होगी अयोध्या
एक खबर दिवाली को लेकर भी है। इस बार दिवाली के मौके पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव समारोह आयोजित होगा। 18 से 20 अक्टूबर, 2025 तक होने वाले अब तक के सबसे भव्य दीपोत्सव समारोह के लिए भगवान राम की अयोध्या में तैयारी जारी हैं। इस मौके पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से 26 लाख से अधिक दीयों से सरयू नदी के घाटों को रोशन किया जाएगा।
