रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय में 50वीं अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारम्भ

बरेली, 20 दिसम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के 50वें स्वर्णिम वर्ष के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कल 50वीं अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. इरम नईम द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रोफेसर के. पी. सिंह तथा विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री राणा उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के पी सिंह, विशिष्ट अतिथि एवं क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एस एस बेदी जी द्वारा गुब्बारे एवं कबूतर उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन समारोह के अंतर्गत आयोजित मार्च-पास्ट में विश्वविद्यालय से संबद्ध अनेक महाविद्यालयों की टीमों ने सहभागिता की, जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भी शामिल थे।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर के. पी. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज न केवल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया है, बल्कि पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया है, जिसमें कुल 56 खिलाड़ियों को चेक प्रदान किए गए, जिसमें 25 स्वर्ण पदक(प्रोत्साहन राशि 51000), 20 रजत पदक(प्रोत्साहन राशि 31000), 11 कांस्य पदक (प्रोत्साहन राशि 25000)। एवं कुल 25 लाख रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित कर अन्य खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा खिलाड़ियों के लिए एक बहुउद्देशीय खेल मैदान का निर्माण कराया गया है, जिसमें हॉकी, क्रिकेट एवं फुटबॉल जैसे खेलों के खिलाड़ी अपने कौशल का बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। साथ ही प्रत्येक खेल के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। उन्होंने प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन का आश्वासन भी दिया।

क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एस. एस. बेदी ने कहा कि माननीय कुलपति प्रोफेसर के. पी. सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें NAAC से A++ ग्रेड, NIRF रैंकिंग तथा यूजीसी कैटेगरी-1 का दर्जा प्रमुख है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता मैं विभिन्न जिलों के महाविद्यालयों की लगभग 32 टीमों के लगभग 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी पहले से ही विजेता हैं, क्योंकि खेल के मैदान तक पहुँचना ही साहस और मेहनत का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे जीत–हार से ऊपर उठकर खेल भावना को सर्वोपरि रखें और अपने प्रदर्शन से अपने महाविद्यालय, परिवार और स्वयं का नाम रोशन करें।
अपने प्रेरणादायी शब्दों में उन्होंने कहा,
“खेल का मैदान जीवन का छोटा सा रूप है—यहाँ संघर्ष है, चुनौतियाँ हैं और अवसर भी। जो खिलाड़ी मैदान में हार नहीं मानता, वही जीवन में भी आगे बढ़ता है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
अंत में खेल सचिव ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता आपसी सौहार्द, मित्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देगी तथा भविष्य के श्रेष्ठ खिलाड़ियों को दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 19 से 21 दिसंबर तक चलेगी जिसमें आज 10000 मीटर महिला/ पुरुष, शॉट पुट, लोग जंप, 100 मीटर, पोल वाल्ट, डिसकस थ्रो, एवं कल 20 किलोमीटर वॉक, 5000 मीटर, ट्रिपल जंप, 400 मीटर इत्यादि एवं 21/12/2025 को मैराथन एवं समापन समारोह का आयोजन किया जायेगा।सभी प्रतिभागियों ने उनके उत्साहवर्धक संबोधन का तालियों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, वित्ताधिकारी, प्रो. ए. के. सिंह, प्रो. आलोक शश्रीवास्तव, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. विजय सिंघल, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. इरम नईम, डॉ. पवन सिंह सहित अनेक शिक्षकगण एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

