Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

माघ मेले का पहला दिन आज, त्रिवेणी संगम पर सुबह से ही आस्था की डुबकी लगा रहे श्रद्धालु; CM योगी ने दी बधाई

प्रयागराज: संगम की रेती पर माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व- पौष पूर्णिमा का शुभारंभ हो गया है। आज माघ मेला 2026 के पहले दिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में पवित्र स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पहुंच रहे हैं। यहां त्रिवेणी संगम पर सुबह से ही श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां भी की गई हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी सुबह से ही इलाके में व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सीएम योगी ने भी सभी श्रद्धालुओं को माघ मेला और पौष पुर्णिमा की बधाई दी है।

अधिकारी लगातार ले रहे जायजा
पौष पूर्णिमा के स्नान के दौरान मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल भी मौके पर मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, “यहां पर जितने श्रद्धालु हैं उनसे बात की गई। सभी को व्यवस्था सुचारू और अच्छी लग रही है और सभी लोग सुविधानुसार यहां पर स्नान कर रहे हैं। हमें जिस प्रकार से सुविधा उपलब्ध करवानी थी, उसी प्रकार सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। यहां पर सब कुछ नॉर्मल है। जितने भी श्रद्धालु यहां पर आ रहे हैं उनसे कहना चाहूंगी कि मां गंगा सबको अपना आर्शीवाद प्रदान करें और आज हम लोगों का माघ मेला प्रारंभ हो रहा है तो सबको मां गंगा का आर्शीवाद मिले।”

सीएम योगी ने श्रद्धालुओं को दी बधाई
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर श्रद्धालुओं को पौष पूर्णिमा और माघ मेले की बधाई दी है। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, “श्रीगङ्गादेव्यै नमः, माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु तीर्थराज प्रयाग पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों एवं कल्पवासियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। मां गंगा, मां यमुना एवं मां सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें, यही प्रार्थना है।

20-30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
बता दें कि आज पौष पूर्णिमा पर शनिवार को 20-30 लाख श्रद्धालुओं के गंगा और संगम में डुबकी लगाने की मेला प्रशासन ने उम्मीद जताई है। पौष पूर्णिमा स्नान के साथ कल्पवासियों का एक माह का कल्पवास शनिवार से प्रारंभ हो जाएगा। प्रयागराज की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि इस माघ मेले में 10,000 फुट क्षेत्र के 10 स्नान घाट बनाए गए हैं, जबकि 2023-24 में 8,000 फुट के घाट बनाए गए थे। अग्रवाल के अनुसार पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने माघ मेला के लिए लोगो (प्रतीक चिह्न) जारी किया है। इसके अलावा, विद्युत विभाग ने मेला सेवा ऐप तैयार किया है जिसके माध्यम से लोग बिजली के खंभों में लगे क्यूआर कोड स्कैन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------