यूपी मौसम अपडेट: सुबह-शाम गलन वाली ठंड, दिन में धूप, कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम ठिठुरन वाली ठंड के साथ गलन बनी हुई है। दोपहर के समय धूप खिल रही है, लेकिन सुबह और शाम हल्का-से-मध्यम कोहरा देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, गलन भरी ठंड से अभी राहत नहीं मिलेगी और आने वाले दिनों में कोहरा लौट सकता है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कोहरा और पश्चिमी विक्षोभ का असर
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा बदल गई है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले चार दिन मौसम स्थिर रहेगा, लेकिन उसके बाद कोहरे में इजाफा हो सकता है।

शीतलहर और पाला पड़ने की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की वजह से शीतलहर की संभावना है। अगले 48 घंटों में पाला पड़ने की चेतावनी भी जारी की गई है।
नोएडा और गाजियाबाद में ठंड का असर
नोएडा में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे पूरे इलाके में शीतलहर जैसी स्थिति बनी। मौसम विभाग ने 16 से 18 जनवरी तक कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

प्रदूषण का असर
ठंड और कोहरे के साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का कारण बनी हुई है। सोमवार को नोएडा का AQI 274 और ग्रेट नोएडा का 258 दर्ज किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे और शीतलहर के दौरान प्रदूषण से सतर्क रहना जरूरी है।

