Weather in UP: उत्तर प्रदेश में फिर करवट लेगा माैसम, छह डिग्री तक गिरेगा तापमान

लखनऊ : तीन दिन न्यूनतम तापमान बढ़ने के बाद प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। उत्तरी पाकिस्तान पर बने निम्नदाब क्षेत्र के कमजोर पड़ने के साथ प्रदेश के न्यूनतम तापमान में सोमवार तक तीन से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तराखंड की तराई वाले जिलों में पर्याप्त नमी की उपलब्धता के दृष्टिगत कोहरे के घनत्व में बढ़ोतरी होगी। इसके परिणामस्वरूप 26 एवं 27 जनवरी की सुबह कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम तंत्र के कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश के उत्तरी पश्चिमी भाग में गत शुक्रवार को हुई वर्षा से न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई। वर्षा का दौर थमने के साथ ही प्रदेशभर में आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। आगामी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27-28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा के आसार बन रहे हैं। इस अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान में फिर तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की संभावना है।

सोमवार को बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, गुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आसपास के इलाकों में घना कोहरा पड़ सकता है।
यहां 27 काे कल मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका
गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में 27 जनवरी को गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है। इन जिलों में झोंकेदार हवा चलेगी। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

