Monday, February 2, 2026
खेलदेश

पाकिस्तान पर भड़का भारतीय खेल जगत, गावस्कर ने की कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली : पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप में भारत (India) के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया है। पाकिस्तान की इस हरकत पर भारतीय खेल जगत भड़क उठा है। दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने आईसीसी (ICC) से पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पूर्व क्रिकेटर मदन लाल का कहना है कि पाकिस्तान को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से होनी है और भारत-पाकिस्तान के बीच मैच कोलंबो में 15 फरवरी को खेला जाना है।

पाकिस्तान टी20 विश्व कप में खेलने को लेकर लगातार अड़ंगे लगाता रहा और उसने अपनी भागीदारी पर पेंच फंसाए रखा। हालांकि, रविवार को पाकिस्तान सरकार ने इस बात की पुष्टि कर दी कि उनकी राष्ट्रीय टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी। इसके बाद से ही क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है और भारत के पूर्व खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है।

गावस्कर ने एक टीवी चैनल पर कहा, मुझे लगता है कि अगर आप आखिरी समय में नाम वापस लेते हैं, तो यह एक समस्या है। अगर आप पहले ही नाम वापस ले लेते तो यह बिल्कुल अलग बात होती। लेकिन अगर आप टूर्नामेंट से ठीक पहले आखिरी समय में नाम वापस लेते हैं, तो हां, मुझे लगता है कि आईसीसी को दखल देकर कुछ कार्रवाई करनी चाहिए। मुझे नहीं पता कि वे क्या कार्रवाई करेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें कई अन्य बोर्ड भी शामिल हैं इसलिए यह सिर्फ एक व्यक्ति का फैसला नहीं होगा। हालांकि, यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ किया जाना चाहिए कि भविष्य में कोई भी टीम ऐसा करने के बारे में न सोचे।

मदन लाल ने कहा, मुझे लगता है कि पाकिस्तान सरकार या पीसीबी ये सभी अपने ही क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे उनकी समस्याएं हल नहीं होंगी। किसी को तो सही सोचना होगा। फिलहाल वे सही नहीं सोच रहे हैं। वे बांग्लादेश का समर्थन करना चाहते हैं। आप बांग्लादेश का समर्थन करते रहिए। इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। अंततः नुकसान बांग्लादेश को भी होगा और पाकिस्तान को भी। मुख्य बात यह है कि न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया ये क्रिकेट के सबसे बड़े देश हैं। इन्हें दर्शक मिलेंगे और इन्हें ही सारी स्पॉन्सरशिप मिलेगी।

---------------------------------------------------------------------------------------------------