गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर दी जान, कोरियन ऑनलाइन गेम का थीं शिकार

गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ बिल्डिंग की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन गेम की चपेट में थीं। पुलिस ने मौके से एक डायरी भी बरामद की है, जिसे सुसाइड नोट बताया जा रहा है।
टीला मोड़ थाना क्षेत्र की सनसनीखेज घटना
यह मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत सिटी सोसायटी का है। यहां बी-1 टावर की नौवीं मंजिल से तीनों बहनों ने एक साथ छलांग लगाई। घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरी सोसायटी को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।
रात करीब दो बजे मची अफरातफरी
सोसायटी के लोगों के मुताबिक, रात करीब दो बजे तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग बाहर निकले। नीचे का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया। तीनों बच्चियां जमीन पर पड़ी थीं। तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस ने तीनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑनलाइन कोरियन गेम की लत का शक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें लगातार एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन गेम खेल रही थीं। परिजनों के अनुसार, वे लंबे समय से मोबाइल गेमिंग में डूबी हुई थीं और परिवार उन्हें इससे दूर रहने के लिए समझाता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी गेम से जुड़े मानसिक दबाव ने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

गेम में टास्क और अंतिम चरण का दावा
स्थानीय लोगों और परिजनों ने दावा किया है कि यह ऑनलाइन गेम टास्क-बेस्ड था, जिसमें यूजर्स को अलग-अलग चरणों में निर्देश दिए जाते थे। बताया जा रहा है कि गेम के अंतिम चरण में घरवालों से अंतिम बार मिलना, फोटो लेना और फिर एक साथ आत्महत्या करने जैसे टास्क शामिल थे। हालांकि पुलिस इन दावों की पुष्टि कर रही है।
डायरी में मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने तीनों बहनों के कमरे से एक डायरी बरामद की है, जिसे उन्होंने ‘ट्रू लाइफ स्टोरी’ नाम दिया था। इसमें सुसाइड से जुड़े संकेत और भावनात्मक बातें लिखी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस डायरी और मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच करा रही है।
एसीपी की निगरानी में जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बच्चियां किन लोगों के संपर्क में थीं और ऑनलाइन गेम के जरिए उन पर किस तरह का मानसिक दबाव बनाया गया। जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल के बाद आर्थिक कारणों से तीनों बहनें स्कूल भी नहीं जा पा रही थीं।


