‘धुरंधर’ देखकर सुनील शेट्टी को हुआ पछतावा, आदित्य धर की वजह से हाथ से निकल गया करियर का बड़ा मौका

नई दिल्ली। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को रिलीज हुए दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन फिल्म का क्रेज अभी भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने न सिर्फ देशभर के बॉक्स ऑफिस पर मजबूत कमाई की, बल्कि विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। हर तरफ तारीफें बटोर रही इस फिल्म को देखकर अब अभिनेता सुनील शेट्टी खुद को रोक नहीं पाए और उन्हें एक बड़ा अफसोस सताने लगा।
फिल्म देखने के बाद आदित्य धर को किया फोन
‘धुरंधर’ देखने के बाद सुनील शेट्टी ने इस फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को खुद फोन किया। एक खास बातचीत में सुनील शेट्टी ने खुलासा किया कि फिल्म देखकर उन्हें यह महसूस हुआ कि काश वह भी इस तरह के प्रोजेक्ट का हिस्सा होते। उन्होंने माना कि ‘धुरंधर’ जैसी फिल्म उनके करियर के लिए एक अहम पड़ाव बन सकती थी।
‘द इमोर्टल ऑफ अश्वत्थामा’ से जुड़ा था सुनील शेट्टी का नाम
सुनील शेट्टी ने ‘लहरें रेट्रो’ से बातचीत में बताया कि वह आदित्य धर की बहुचर्चित फिल्म ‘द इमोर्टल ऑफ अश्वत्थामा’ का हिस्सा थे। इस फिल्म में उनकी साइनिंग तक हो चुकी थी, लेकिन कुछ कारणों के चलते यह प्रोजेक्ट बंद हो गया। सुनील शेट्टी के मुताबिक, उसी फिल्म के न बनने का मलाल उन्हें ‘धुरंधर’ देखने के बाद और ज्यादा महसूस हुआ।

‘काश मैं इस फिल्म का हिस्सा होता’
अभिनेता ने कहा कि उन्हें ‘धुरंधर’ बेहद पसंद आई। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के बाद उन्हें लगा कि अगर ‘अश्वत्थामा’ बनती, तो वह भी आदित्य धर के साथ एक बड़े और दमदार प्रोजेक्ट का हिस्सा होते। इसी एहसास ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया।
अक्षय खन्ना नहीं, रणवीर सिंह और आदित्य धर ने जीता दिल
सुनील शेट्टी ने फिल्म के किरदारों पर भी खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि दर्शकों को अक्षय खन्ना का किरदार काफी पसंद आया, जो वाकई शानदार था, लेकिन निजी तौर पर उन्हें रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस और आदित्य धर का निर्देशन उससे भी ज्यादा प्रभावशाली लगा। उनके मुताबिक, हर दर्शक का फिल्म देखने का नजरिया अलग होता है, लेकिन ‘धुरंधर’ ने उन्हें पूरी तरह प्रभावित किया।


