राजनीतिराज्य

यह बजट “हर खेत को पानी” और “हर घर को शुद्ध जल” के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा — स्वतंत्र देव सिंह

यह बजट प्रदेशवासियों के सपनों को हकीकत में बदलने का एक ‘रोडमैप’ “जल सुरक्षा, किसान समृद्धि और ग्रामीण विकास को समर्पित ऐतिहासिक बजट” उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश सरकार द्वारा पेश किया गया बजट 25 करोड़ प्रदेशवासियों के सपनों को हकीकत में बदलने का एक ‘रोडमैप’ है। यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को चरितार्थ करते हुए यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश अब निवेश और विकास का सबसे बड़ा केंद्र बनने को तैयार है। मा• मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में मा• वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी द्वारा प्रस्तुत यह बजट समावेशी विकास और भविष्य की तकनीक के बीच एक बेहतरीन संतुलन है। समस्त प्रदेशवासियों को बधाई।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि यह बजट प्रदेश की जल सुरक्षा, सिंचाई क्षमता विस्तार तथा ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट है। उन्होंने मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट “हर खेत को पानी” और “हर घर को शुद्ध जल” के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण योजनाओं के लिए 18,290 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है, जो प्रदेश के कृषि तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मध्यमगंगा स्टेज-2, कनहर सिंचाई परियोजना, केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा भौंट बांध परियोजना जैसी बहुप्रतीक्षित योजनाओं को निरंतर गति दी जा रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर लगभग 4.49 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता का सृजन एवं पुनर्स्थापन होगा

जिससे लाखों किसान परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2100 नवीन राजकीय नलकूपों के निर्माण तथा डार्क जोन में स्थित 569 असफल राजकीय नलकूपों के पुनर्निर्माण से लगभग 1.62 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता की पुनर्स्थापना हुई है और लगभग 1.43 लाख कृषक परिवारों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही विगत वर्ष 285 बाढ़ परियोजनाओं के पूर्ण होने से लगभग 49.90 लाख आबादी को राहत मिली तथा 11,065 किलोमीटर ड्रेनों की सफाई से जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के अंतर्गत 22,676 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। प्रदेश के 2.67 करोड़ ग्रामीण परिवारों को क्रियाशील गृह नल संयोजन उपलब्ध कराने के लक्ष्य के सापेक्ष 2.43 करोड़ घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026–27 में जल जीवन मिशन के विभिन्न घटकों हेतु लगभग 22,452 करोड़ रुपये की व्यवस्था से शेष घरों तक भी शीघ्र नल से जल पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
श्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश का यह बजट पूंजीगत व्यय पर विशेष बल देते हुए स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन, बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण से उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।

---------------------------------------------------------------------------------------------------