बांदा में खौफनाक मंजर: घर के बाहर आराम कर रहे किसान पर ‘काल’ बनकर टूटा ट्रक का पहिया, भैंस समेत दर्दनाक मौत

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां बिसंडा थाना क्षेत्र में मौत कब और किस रूप में आ जाए, इसका एक खौफनाक उदाहरण देखने को मिला। घर के बाहर सुकून से आराम कर रहे एक किसान के लिए चलते ट्रक का पहिया ही ‘काल’ बन गया। एक भीषण सड़क हादसे में 18 चक्का ट्रक का पहिया निकलकर किसान पर चढ़ गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में किसान की एक भैंस ने भी दम तोड़ दिया।
चलते ट्रक का धुरा टूटा और मच गई चीख-पुकार
यह पूरा मामला बिसंडा थाना क्षेत्र के बिलगांव का है। जानकारी के मुताबिक, बांदा की तरफ आ रहे एक तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक के साथ अचानक तकनीकी खराबी हुई। चलते ट्रक का धुरा अचानक टूट गया, जिससे ट्रक के दो विशालकाय पहिये निकलकर बेकाबू हो गए। रफ्तार में होने के कारण ये पहिये तोप के गोले की तरह सड़क किनारे की तरफ भागे और वहां तबाही मचा दी।
भैंस को कुचलते हुए किसान को लिया चपेट में

घटना के वक्त 55 वर्षीय किसान कल्लू खाना खाने के बाद अपने घर के दरवाजे पर चारपाई पर आराम कर रहे थे। उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। बेकाबू पहियों ने पहले वहां बंधी भैंस को बुरी तरह कुचला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद पहिया सीधा किसान कल्लू पर चढ़ गया। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल किसान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पल भर में ही हंसते-खेलते परिवार में मातम पसर गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर को दबोचा
इस वीभत्स घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रक चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक किसान अपने पीछे पत्नी सुनीता और एक बेटे को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष बिसंडा पवन पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


