‘गुंडागर्दी-माफियागिरी हिरण्यकश्यप जैसी, अंत तय’: होलिका दहन कार्यक्रम में CM योगी का बड़ा बयान

लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध और माफियागिरी पर एक बार फिर सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी और माफियागिरी हिरण्यकश्यप जैसी है, जिसका अंत निश्चित है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि “लातों के भूत बातों से नहीं मानते”, इसलिए जो जैसा है, उसके खिलाफ वैसी ही कार्रवाई जरूरी है।

होलिका दहन शोभायात्रा का किया शुभारंभ
सोमवार को गोरखपुर में श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति, पांडेयहाता द्वारा आयोजित भक्त प्रहलाद की पारंपरिक शोभायात्रा का मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और आरती के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली भी खेली और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले त्योहार अक्सर दंगे और कर्फ्यू की चपेट में आ जाते थे, लेकिन अब प्रदेश में भयमुक्त वातावरण है। उन्होंने पौराणिक संदर्भ देते हुए कहा कि जैसे अत्याचारी हिरण्यकश्यप के अंत के लिए भगवान विष्णु को नरसिंह अवतार लेना पड़ा, वैसे ही आज अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
‘अब यूपी में न दंगा, न कर्फ्यू’
सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा—“यूपी में सब चंगा है।” डबल इंजन सरकार में पर्व-त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाए जा रहे हैं। उन्होंने अपील की कि होली को जबरदस्ती या वैमनस्य से खराब न किया जाए और जिन लोगों को रंग पसंद नहीं, उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाए।
पांडेयहाता बनेगा ‘विरासत गलियारा’
मुख्यमंत्री ने पांडेयहाता क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि कभी यह बाजार पूर्वांचल, नेपाल और बिहार के व्यापार का प्रमुख केंद्र था, लेकिन समय के साथ जर्जर हो गया। अब इसे ‘विरासत गलियारा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो प्रदेश का सुंदर हेरिटेज कॉरिडोर बनेगा।

उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में जिन व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनके लिए नगर निगम मल्टी-कॉम्प्लेक्स बनाकर दुकानें आवंटित करेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दुकानों का किराया वाजिब रखा जाए।
रवि किशन पर ली चुटकी, मंच पर गूंजा होली गीत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद रवि किशन पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा कि व्यापारी तो दुकान से कमाएंगे, रवि किशन तो नाच-गाकर भी कमा लेंगे। इस पर रवि किशन ने मंच से होली गीत गाकर माहौल को और रंगीन कर दिया और मुख्यमंत्री के जापान दौरे की सराहना की।
2027 चुनाव को लेकर मंथन
गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस स्थित एनेक्सी भवन में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय और प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।
