PCS परीक्षा में चमकी स्वर्णिम पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा, प्रीती गौतम बनीं सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर)

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा के परिणामों में स्वर्णिम पब्लिक स्कूल की भूतपूर्व छात्रा प्रीती गौतम ने शानदार सफलता हासिल करते हुए सहायक आयुक्त (वाणिज्य कर) का पद प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

विद्यालय में जश्न का माहौल, सम्मानित की गईं प्रीती गौतम
प्रीती गौतम की इस सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक धीरेन्द्र सिंह और प्रधानाचार्या मधुमिता मुखर्जी ने उन्हें एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों और छात्रों ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
माता-पिता और गुरुओं को दिया सफलता का श्रेय
अपनी इस उपलब्धि पर प्रीती गौतम ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे उनके माता-पिता और गुरूजनों का मार्गदर्शन और सहयोग रहा है। उन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत को याद करते हुए सभी का आभार जताया।

JNU से स्नातक के बाद दिल्ली में की तैयारी
प्रीती गौतम ने सत्र 2016-17 में स्वर्णिम पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने जेएनयू, दिल्ली से स्नातक किया और वहीं रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गईं। उनकी मेहनत और समर्पण ने उन्हें यह महत्वपूर्ण मुकाम दिलाया।
छात्रों के लिए बनीं प्रेरणा
प्रीती गौतम की सफलता ने विद्यालय के वर्तमान छात्रों के लिए एक प्रेरणा का काम किया है। विद्यालय प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि उनकी उपलब्धि से अन्य छात्र भी प्रोत्साहित होंगे और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेंगे।
