राजस्थान: रील के शौक ने पहुंचाया जेल, स्कॉर्पियो को डीजल से नहलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजस्थान के सिरोही जिले के पालड़ी एम थाना क्षेत्र में एक युवक को पेट्रोल पंप पर रील बनाना भारी पड़ गया। दरअसल युवक ने डीजल से कार धोने का खतरनाक स्टंट किया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वहीं कुछ दिन पहले सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को इस घटना का एक शेयर वीडियो मिला।

एसपी ने तत्काल कार्रवाई करने का दिया निर्देश
वीडियो में एक युवक डीजल से कार धो रहा था और दूसरा उसका वीडियो बना रहा था। घटना का वीडियो एक हफ्ता पुराना बताया जा रहा है। इसके बाद एसपी राठौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी किशोर सिंह चौहान और शिवगंज डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा के निर्देश पर पालड़ी एम थाना अधिकारी कैलाश दान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।

पुलिस दोनों आरोपियों से कर रही पूछताछ
टीम ने जांच पूरी करने के बाद शिव गांव निवासी जीतू सिंह उर्फ महिपाल सिंह के बेटे श्रीपाल सिंह को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही वीडियो बनाने वाले राडभर निवासी श्रीपाल सिंह के बेटे उम्मेद सिंह को भी हिरासत में लिया।
इसके अलावा स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बता दे कि इस कार्रवाई में थाना अधिकारी कैलाश दान के साथ एएसआई राजेंद्र,कॉन्स्टेबल दौलत सिंह,हरीश कुमार और राजरतन सिंह शामिल थे।
