विदेश

फ्लोरिडा के पास समुद्र में क्रैश हुआ विमान, पायलट की सूझबूझ से 11 लोगों की जान बची, रेस्क्यू टीम भी हैरान

वॉशिंगटन: अमेरिका के फ्लोरिडा के पास अटलांटिक महासागर में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया, जब तकनीकी खराबी के चलते एक छोटा विमान समुद्र में क्रैश हो गया। इस दर्दनाक घटना में पायलट की सूझबूझ और अमेरिकी एयरफोर्स व कोस्ट गार्ड के त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन की बदौलत सभी 11 यात्रियों की जान बचा ली गई। रेस्क्यू टीम ने इस पूरी घटना को “चमत्कार” जैसा बताया है।

उड़ान के दौरान बिगड़े हालात
जानकारी के मुताबिक, बहामास से उड़ान भरने वाला यह विमान करीब 20 मिनट की सामान्य उड़ान पर था, जब अचानक नेविगेशन सिस्टम फेल हो गया। इसके बाद रेडियो संपर्क भी टूट गया और कुछ ही समय में विमान के दोनों इंजन एक-एक करके बंद हो गए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पायलट के पास आपात लैंडिंग के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

समंदर में की गई इमरजेंसी लैंडिंग
अनुभवी पायलट इयान निक्सन ने स्थिति को देखते हुए मियामी से करीब 175 मील दूर अटलांटिक महासागर में विमान की इमरजेंसी ‘डिचिंग’ करवाई। पायलट के मुताबिक जैसे ही विमान पानी से टकराया, सभी यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन समय रहते सभी 11 लोग लाइफ राफ्ट पर सुरक्षित पहुंच गए।

घंटों तक समंदर में इंतजार
हादसे के बाद यात्रियों को करीब 5 घंटे तक समुद्र में राफ्ट पर इंतजार करना पड़ा। इस दौरान पायलट लगातार यात्रियों को हिम्मत देता रहा। बाद में अमेरिकी एयरफोर्स का एक रेस्क्यू विमान, जो ट्रेनिंग मिशन पर था, कोस्ट गार्ड के अलर्ट पर मौके पर पहुंचा और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

रेस्क्यू टीम ने बताया चमत्कार
रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों ने इस घटना को बेहद असाधारण बताया। एक अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पहले कभी समुद्र में विमान क्रैश के बाद इतने लोगों को सुरक्षित बचते नहीं देखा। टीम के अनुसार, यात्री शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद थक चुके थे, लेकिन सभी की जान बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है।

अस्पताल में भर्ती, तीन को मामूली चोटें
हादसे के बाद सभी 11 यात्रियों को फ्लोरिडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि बाकी सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------