Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में विदाई समारोह का आयोजन : देवांशी बनी मिस फेयरवेल और रवि शर्मा बने मिस्टर फेयरवेल


बरेली,14मई। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में एम.एड. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा कल एम.एड. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्षा प्रो. संतोष अरोरा, प्रो. सुधीर कुमार वर्मा, डॉ. प्रेमपाल सिंह, डॉ. कीर्ति प्रजापति, डॉ. प्रतिभा सागर, डॉ. रश्मि रंजन, डॉ. रामबाबू, डॉ. विमल कुमार, डॉ. ज्योति पाण्डेय तथा डॉ. सुरेश कुमार द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इसके पश्चात छात्रा मान्या दीक्षित ने सरस्वती वंदना पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। छात्राओं पल्लवी सिंह, रुचि, सुहानी, दीप्ति सिंह, ध्रुव मल्होत्रा तथा भूपेंद्र सिंह आदि ने विभाग के समस्त प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं एम.एड. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का स्वागत किया।

M.Ed प्रथम वर्ष के छात्रों ने अपने सीनियर्स के लिए मिस एवं मिस्टर फेयरवेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जिसमें सभी सीनियर विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करके अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विदाई समारोह 2026 में मिस्टर फेयरवेल रवि शर्मा तथा मिस फेयरवेल देवांशी आर्य घोषित किए गए तथा रनर अप उत्पल धवन तथा निकिता गंगवार रहे।

तत्पश्चात विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें शिवानी द्वारा एकल नृत्य, समरजीत एवं सीमा द्वारा एकल गायन, नेहा सागर द्वारा एकल नृत्य तथा रश्मि, पूनम, प्रेमपाल, मान्या, सविता, ममता और रोशनी आदि द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

विभागाध्यक्षा प्रो. संतोष अरोरा ने एम.एड. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि जीवन में सफलता की परिभाषा केवल ऊँचे पद या नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि सच्ची सफलता तब है जब व्यक्ति एक अच्छा इंसान, जिम्मेदार नागरिक बने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने ज्ञान का उपयोग सदैव विनम्रता के साथ करें और याद रखें। सफलता का पीछा न करें, बल्कि योग्यता की ओर बढ़ें। साथ ही उन्होंने आत्मविश्वास, लगन एवं ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सफलता एवं उज्जवल भविष्य की कामना करी। और सभी को विभाग का एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने को प्रेरित किया।

कार्यक्रम का कुशल एवं रोचक संचालन प्रणव पाठक एवं निधि पाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संपूर्ण प्रबंधन एम.एड. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा किया गया, जिसकी सभी शिक्षकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------