गोंडा में लगा निःशुल्क ऑर्थोपेडिक कैंप, 60 मरीजों की हुई जांच और विशेषज्ञों ने दिया परामर्श

गोंडा: लायंस क्लब गोंडा सेवा के सहयोग से शहर के रानी बाजार स्थित राम जानकी धर्मशाला में निःशुल्क ऑर्थोपेडिक कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में हड्डी, घुटनों, रीढ़ और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोगों की जांच कर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श दिया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में करीब 60 मरीजों की बीएमडी जांच की गई और उन्हें उचित उपचार संबंधी सलाह दी गई।

कैंप का आयोजन एचसीजी हॉस्पिटल अहमदाबाद की ओर से किया गया, जिसमें हॉस्पिटल के वरिष्ठ जोड़ प्रत्यारोपण सर्जन डॉ. कुंज बिहारी पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ लखनऊ से वरिष्ठ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. वैभव अग्निहोत्री और गोंडा के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राजीव चौरसिया ने भी मरीजों का परीक्षण किया।
घुटने, रीढ़ और कंधे के दर्द से पीड़ित मरीजों को मिला लाभ
कैंप में लिगामेंट की चोट, घुटने का दर्द, कूल्हे का दर्द, रीढ़ की हड्डी में समस्या, सीढ़ी चढ़ने-उतरने में दर्द और कंधे के दर्द जैसी समस्याओं से जूझ रहे लोगों का परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार उपचार, व्यायाम और आगे की चिकित्सा संबंधी जरूरी सुझाव दिए।
विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर जांच और सही परामर्श से हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे क्लब सदस्य

इस आयोजन को सफल बनाने में लायंस क्लब गोंडा सेवा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्लब की ओर से लायन अजय कुमार मित्तल, लायन राजकुमार जायसवाल, लायन सुशील जालान, लायन चंद्रकेश मिश्रा, लायन बसंत कुमार नेवटिया, लायन अमित पांडे, लायन मुकेश अग्रवाल, लायन पवन जायसवाल, लायन आलोक सिन्हा, लायन राजीव अग्रवाल, लायन अजय गर्ग, लायन मयंक टंडन, लायन अजीत सिंह सलूजा, लायन अशोक लोहिया और लायन नितिन वाधवानी ‘बंटी’ समेत अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया।
इसके अलावा राम जानकी धर्मशाला के अध्यक्ष अनिल मित्तल, अमित पांडेय और हॉस्पिटल टीम के सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
भविष्य में भी लगाए जाएंगे ऐसे स्वास्थ्य शिविर
डॉ. कुंज बिहारी पटेल ने बताया कि संस्था की ओर से जनपद में यह पहला निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसे लोगों का अच्छा सहयोग और समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लायंस क्लब गोंडा सेवा के सहयोग से इस तरह के कैंप आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल सके।
