Wednesday, June 3, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत स्थलीय जांच हेतु नामित नोडल अधिकारियों के साथ करी समीक्षा

 

बरेली, 02 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत स्थलीय जांच हेतु नामित नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में जल जीवन मिशन योजना की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान बताई गई कमियों का स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में जनपद की स्थिति संतोषजनक नहीं है तथा इसको लेकर शासन स्तर पर भी नाराजगी व्यक्त की जा रही है।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि अभी भी कई ओवरहेड टैंकों पर मरम्मत कार्य लंबित है तथा अनेक स्थानों से पानी की आपूर्ति न होने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि जूनियर इंजीनियर एवं नोडल अधिकारी आपस में बेहतर समन्वय बनाए रखें, जिससे कार्यों की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। साथ ही प्रत्येक विकास खण्ड स्तर पर प्रगति रिपोर्ट तैयार कर सभी नोडल अधिकारियों को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण सुनील कुमार सिंह, समस्त नोडल अधिकारी सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------