कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर में आयोजित रोजगारपरक प्रशिक्षण संपन्न

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर गोंडा में चल रहा पांच दिवसीय धान बीज उत्पादन तकनीक विषयक रोजगारपरक प्रशिक्षण आज संपन्न हुआ । प्रशिक्षण के समापन अवसर पर डॉ.एस. के. वर्मा वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र ने प्रशिक्षणार्थियों से धान बीज उत्पादन करने का आवाहन किया । उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणार्थी धान बीज उत्पादन का व्यवसाय अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं । प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. राम लखन सिंह वरिष्ठ वैज्ञानिक शस्य विज्ञान कृषि विज्ञान केन्द्र ने धान बीज उत्पादन तकनीक की विधिवत जानकारी दी । उन्होंने बताया कि जनपद गोंडा में धान बीज की मांग अधिक है । धान बीज उत्पादन में पृथक्करण दूरी, रोगिंग, खरपतवार नियंत्रण एवं फसल सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है । उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था से धान बीज उत्पादन का पंजीकरण कराकर प्रशिक्षणार्थी धान का बीज उत्पादन कर सकते हैं । धान बीज उत्पादन में पृथक्करण दूरी 3 मी. है । उन्होंने धान बीज की विभिन्न श्रेणियां की जानकारी दी । इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में डॉ. अजीत सिंह वत्स वरिष्ठ वैज्ञानिक फसल सुरक्षा ने बीज शोधन व बीज उपचार, एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन, डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने कार्बनिक खादों का प्रयोग एवं महत्व,डॉ. मनोज कुमार सिंह ने धान में सिंचाई प्रबंधन, डॉ. हनुमान प्रसाद पांडे ने मृदा परीक्षण एवं पोषक तत्व प्रबंधन, डॉ. ज्ञानदीप गुप्ता ने गुणवत्तायुक्त बीजों का विपणन एवं डॉ. दिनेश कुमार पांडे ने खेत की तैयारी एवं फसल अवशेष प्रबंधन आदि की जानकारी दी । प्रशिक्षण में विनय कुमार सिंह, विमल कुमार पांडे, राजेश कुमार वर्मा, रामसागर वर्मा, शिव प्रसाद यादव, अरुण यादव आदि ने प्रतिभाग कर धान बीज उत्पादन तकनीक विषयक जानकारी प्राप्त की । प्रशिक्षण उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को केंद्र द्वारा उत्पादित पपीता पौध निशुल्क प्रदान की गई ।

