Wednesday, June 3, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में रोजगारपरक एम.ए. पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रारम्भ


बरेली,02जून। महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय परिसर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर मल्टीलिंगुअल स्टडीज (CoEMS) में संचालित रोजगारपरक स्नातकोत्तर (एम.ए.) पाठ्यक्रमों (दो वर्ष) में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए एम.ए. फंक्शनल हिन्दी तथा एम.ए. पाली पाठ्यक्रमों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं,यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.के.पी.सिंह ने लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भाषा एवं साहित्य के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना है, जिससे वे विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में अपने लिए बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
एम.ए. फंक्शनल हिन्दी पाठ्यक्रम मीडिया, पत्रकारिता, जनसंचार, विज्ञापन, अनुवाद, कंटेंट राइटिंग, प्रकाशन तथा प्रशासनिक सेवाओं जैसे क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं विकसित करता है। वहीं एम.ए. पाली पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को शोध, उच्च शिक्षा, बौद्ध अध्ययन, सांस्कृतिक अध्ययन, पुरातत्व, संग्रहालयों तथा अकादमिक संस्थानों में कैरियर बनाने के अवसर प्रदान करता है।
नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बहुविषयक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध करा रहा है, जिससे वे रोजगार बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को भाषा दक्षता, शोध क्षमता, संचार कौशल तथा व्यावसायिक योग्यता विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा।
एम.ए. पाठ्यक्रमों में 40-40 सीट हैं तथा वार्षिक शुल्क रू. 7550/- है l प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट : http://mjpruadm.samarth.edu.in
पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।। आवेदन की प्रक्रिया 01 जून 2026 से प्रारंभ हो गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मानविकी विभाग, महात्मा ज्योतिबा फूले रूहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली से संपर्क कर सकते हैं।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------