Top Newsउत्तर प्रदेशदेशराज्य

कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी, फाउंडर अभिजीत भी मौजूद; शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो के लग रहे नारे

नई दिल्ली: पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने पहले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शन की अनुमति लेने की बात कही थी। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पर ही पुलिस अधिकारियों से उनकी मुलाकात हुई और उन्हें प्रदर्शन की अनुमति मिल गई। अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि धरना-प्रदर्शन की अनुमति मिलने के बाद सभी समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई है। इससे पहले उन्होंने समर्थकों को दिल्ली एयरपोर्ट पर एकत्र होने का आह्वान किया था।

दीपके नीट पेपर लीक विवाद और सीबीएसई से जुड़े कथित मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इन मामलों में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अनुमति प्रदान की गई।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले छात्रों और अन्य प्रतिभागियों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद अनुमति देने का फैसला किया गया। सभी जिलों, विशेषकर नॉर्थ, सेंट्रल, साउथ-ईस्ट और साउथ-वेस्ट दिल्ली के अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के आवागमन में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को प्रदर्शनकारियों के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिले को 12 जोन में विभाजित किया गया है, जिनकी निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। बता दें पुलिस ने शाम 5 बजे तक धरना देने की अनुमति दी है।

दिल्ली पुलिस ने सभी जिला और यूनिट डीसीपी को आंतरिक अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कुछ हिस्सों में भारी भीड़, यातायात बाधित होने और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों की आशंका से सतर्क रहने को कहा है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------