Friday, June 12, 2026
देशराज्य

ओमान तट पर टैंकर हमले में UP के शिवानंद समेत 3 भारतीयों की मौत, देवरिया में मातम, 2 दिन पहले ही घर फोन कर कहा था- सब ठीक है

देवरिया: ओमान तट के पास 10 जून को भारतीय तेल टैंकर पर हुए भीषण हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले शिवानंद चौरसिया (35) की मौत हो गई। शिवानंद सुरौली गांव के निवासी थे और एक विदेशी शिपिंग कंपनी में इंजन फिटर के रूप में कार्यरत थे। इस घटना में कुल 3 भारतीयों की मौत हुई है, जिनमें शिवानंद भी शामिल हैं। हादसे की खबर सामने आते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया है।

विदेशी शिपिंग कंपनी में कार्यरत थे शिवानंद, भाई ने दी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार शिवानंद चौरसिया एक विदेशी शिपिंग कंपनी में चालक दल के सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे। घटना की जानकारी सबसे पहले दुबई में मौजूद उनके भाई ने परिवार को दी, जिसके बाद घर में मातम छा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

24 भारतीय नाविकों में शामिल थे शिवानंद, 3 की मौत की पुष्टि

सूत्रों के मुताबिक जिस टैंकर पर हमला हुआ, उसमें कुल 24 भारतीय नाविक सवार थे। इसी हादसे में 3 भारतीयों की मौत हो गई है, जिनमें देवरिया के शिवानंद चौरसिया भी शामिल हैं। शिवानंद अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार का दर्द—2 दिन पहले फोन पर कहा था, सब ठीक है

शिवानंद के पिता रामजी चौरसिया ने बताया कि बेटा करीब 8 महीने पहले मुंबई गया था और वहीं से शिपिंग कार्य में जुड़ा था। उन्होंने बताया कि परिवार की शिवानंद से आखिरी बार 2 दिन पहले ही बातचीत हुई थी, जिसमें उसने कहा था कि सब कुछ ठीक चल रहा है। इसके बाद अचानक इस दर्दनाक खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------