रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में स्वास्थ्य मेले का आयोजन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण


बरेली,16 जून। माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में आज दिनांक 16 जून 2026 को विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केन्द्र (Health Centre) तथा राजश्री रिसर्च मेडिकल इंस्टीट्यूट, बरेली के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष स्वास्थ्य मेला एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक निरंतर संचालित रहा, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सा विशेषज्ञों में डॉ. शिवम वर्मा (एमबीबीएस, एमडी), डॉ. एस. सी. श्रीवास्तव (एमडी, मनोचिकित्सक), डॉ. रजत तथा उनकी अनुभवी चिकित्सा टीम उपस्थित रही। शिविर में प्रतिभागियों का ब्लड प्रेशर (BP), रक्त शर्करा (Sugar), सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण (General Health Check-up) सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं।
इसके अतिरिक्त चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य (Mental Health), तनाव प्रबंधन (Stress Management), स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार प्रतिभागियों को चिकित्सकीय परामर्श, प्रिस्क्रिप्शन, आवश्यक परीक्षणों की सलाह तथा स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी सुझाव प्रदान किए गए। साथ ही कुछ सामान्य दवाइयां, मल्टीविटामिन एवं स्वास्थ्यवर्धक सप्लीमेंट्स भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण (Dean Student Welfare) प्रो. विनय ऋषिवाल, कुलसचिव श्री महेन्द्र कुमार, प्रशासक स्वास्थ्य केन्द्र डॉ. अमित कुमार वर्मा सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों, शिक्षकों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराकर स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उत्कृष्ट शिक्षा एवं शोध का आधार हैं। ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल रोगों की समय रहते पहचान करने में सहायक होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. विनय ऋषिवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य मेले में तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष परामर्श की व्यवस्था की गई। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र एवं राजश्री रिसर्च मेडिकल इंस्टीट्यूट की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विश्वविद्यालय समुदाय के स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं चिकित्सा टीम के प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। इस स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन में स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ. अमित कुमार वर्मा की विशेष भूमिका एवं सक्रिय सहयोग रहा।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
