Wednesday, June 17, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

वकीलों का फूटा गुस्सा! न्यायिक कार्य से रहे विरत, महंगाई-बेरोजगारी और अधिवक्ता सुरक्षा कानून की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन

गोण्डा : अधिवक्ताओं की लंबित मांगों और प्रदेश की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गोण्डा में वकीलों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बार एसोसिएशन गोण्डा के बैनर तले अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से पूर्ण रूप से विरत रहते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंपा।

बार एसोसिएशन के पुस्तकालय में आयोजित आम सभा की बैठक में अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर अधिवक्ता समाज की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से जूनियर अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन भत्ता दिए जाने, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन अब तक इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

सरकार की उदासीनता से अधिवक्ताओं में नाराजगी

बैठक में अधिवक्ता साथियों ने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है, इसके बावजूद उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार का रवैया उदासीन बना हुआ है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांगों की अनदेखी के कारण अधिवक्ता समाज में व्यापक असंतोष और नाराजगी व्याप्त है।

महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

अधिवक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता और अधिवक्ता वर्ग दोनों प्रभावित हैं। इसके अलावा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार भी गंभीर समस्या बन चुके हैं।

बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। अधिवक्ताओं का कहना था कि प्रदेश में अधिवक्ताओं की हत्याओं और कथित पुलिसिया अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे अधिवक्ता समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने इन समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।

राज्यपाल को भेजा गया मांगपत्र

उक्त मांगों और समस्याओं के विरोध में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन गोण्डा के अध्यक्ष रविचन्द्र त्रिपाठी और महामंत्री सुनील कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी गोण्डा को सौंपा गया।

सैकड़ों अधिवक्ता प्रदर्शन में हुए शामिल

विरोध प्रदर्शन में राजेश कनौजिया, बृज बिहारी श्रीवास्तव, भगवती प्रसाद पाण्डेय, आलोक शुक्ला, संतोषी लाल तिवारी, देव प्रकाश शुक्ला, देव प्रकाश ओझा, अवधेश सिंह, श्रीकान्त पाण्डेय, विद्याराम शुक्ला, सुधीर सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव नीरज, राजेश पाण्डेय, अनुराग तिवारी, रविन्द्र किशोर गिरी, सन्दीप पाण्डेय, सै. इरशाद अली रिजवी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------