Wednesday, June 17, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के ECE विभाग के छात्रों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित की सफलता की नई मिसाल


बरेली,16जून।रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग ने प्लेसमेंट एवं करियर उपलब्धियों के क्षेत्र में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का गौरव बढ़ाया है। रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.के.पी.सिंह ने लखनऊ ट्रिब्यून से विशेष साक्षात्कार में बताया कि वर्ष 2026 के प्लेसमेंट सत्र में विभाग के छात्रों ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयन प्राप्त कर विभाग की उत्कृष्टता को प्रमाणित किया है।
हाल ही में छात्र विष्णुकांत का चयन Kaynes Technology में 8 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर हुआ है, जो विभाग की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। विभाग के छात्रों का चयन Nokia, Vivo, Rayax Technology, Lumax, Dixon, Prodesk, Essence Global Services तथा अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों में भी हुआ है।
विभाग की उपलब्धियां केवल वर्तमान बैच तक सीमित नहीं हैं। बैच 2024 के तीन छात्रों का चयन देश की अग्रणी रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) में हुआ है। वहीं बैच 2022 के पूर्व छात्र शुभम तिवारी ने विश्व की अग्रणी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी NVIDIA में चयनित होकर विभाग और संस्थान का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
ECE विभाग के अनेक पूर्व छात्र वर्तमान में Synopsys, Cadence, Qualcomm, Intel, C-DAC, ISRO, DRDO, भारतीय सेना, भारतीय नौसेना तथा भारतीय वायु सेना जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं संगठनों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त विभाग के छात्र देश-विदेश की कई अन्य नामी कंपनियों में भी सफलतापूर्वक कार्यरत हैं।
संस्थान के अधिकारियों एवं विभागाध्यक्ष ने सभी चयनित छात्रों और पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन तथा संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी विभाग के छात्र राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।
“इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग निरंतर ऐसे तकनीकी विशेषज्ञ तैयार कर रहा है जो उद्योग, अनुसंधान और राष्ट्रीय सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।”

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------