Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद बना महिलाओं के लिए न्याय का मजबूत मंच, 30 शिकायतों पर एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब

गोण्डा: महिलाओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से संचालित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम अब महिलाओं के लिए न्याय और सुनवाई का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। मंडलायुक्त कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सोमवार को आयोजित शक्ति संवाद कार्यक्रम में 30 महिलाओं ने अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर आयुक्त ने महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई की। प्राप्त प्रकरणों में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद सहित अन्य सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याएं शामिल रहीं।

एक सप्ताह में मांगी गई कार्रवाई रिपोर्ट

अपर आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार फोटोग्राफ सहित विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय

अपर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शक्ति संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी मामले के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता महिला से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि समाधान केवल कागजी न होकर वास्तविक रूप से प्रभावी साबित हो।

पुराने मामलों में भी महिलाओं को मिली राहत

शक्ति संवाद के दौरान विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं कुछ पुराने लंबित मामलों में महिलाओं को राहत और लाभ मिलने की जानकारी भी सामने आई।

प्रशासन का मानना है कि मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद महिलाओं की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ उन्हें न्याय दिलाने और शासन-प्रशासन पर विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------