UP STF का बड़ा एनकाउंटर, एक लाख का इनामी डकैत आसिफ उर्फ विक्की छैमार ढेर, 21 से ज्यादा संगीन मामलों में था वांछित
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी डकैत आसिफ उर्फ विक्की छैमार को मुठभेड़ में मार गिराया। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामलों में वांछित आरोपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हुआ था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोकने पर एसटीएफ टीम पर की फायरिंग

अपर पुलिस अधीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश के अनुसार, कानपुर नगर जिले के मकनपुर गांव निवासी आसिफ उर्फ विक्की छैमार की लोकेशन मिलने के बाद एसटीएफ की नोएडा इकाई ने अंबेडकर नगर जिले के बेवाना थाना क्षेत्र में उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने एसटीएफ टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया।
2014 के चर्चित शाहगंज डकैती कांड का था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आसिफ वर्ष 2014 के जौनपुर जिले के चर्चित शाहगंज डकैती कांड में वांछित था। इस वारदात के दौरान एक परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की गई थी और परिवार के पांच सदस्यों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसी मामले में उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मौके से हथियार और बाइक बरामद

एसटीएफ ने मुठभेड़ स्थल से .32 बोर की एक पिस्तौल, 12 बोर का एक देसी तमंचा, बड़ी संख्या में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आसिफ और उसके साथी डकैती के दौरान लोगों को बंधक बनाते थे और विरोध करने पर हत्या करने से भी नहीं हिचकिचाते थे।
तीन राज्यों में दर्ज थे 21 से अधिक आपराधिक मामले
एसटीएफ के अनुसार, आसिफ उर्फ विक्की छैमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, डकैती, डकैती के दौरान हत्या सहित 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ सुलतानपुर में वर्ष 2013 का डकैती और हत्या का मामला, जौनपुर में वर्ष 2014 के डकैती और दोहरे हत्याकांड, कौशांबी में वर्ष 2015 के डकैती और दो लोगों की हत्या, मुजफ्फरनगर में हथियारों के बल पर कई डकैतियां तथा कानपुर देहात में वर्ष 2021 के हत्या के मामले सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
