बीबीएयू को राष्ट्रीय स्तर पर मिला बड़ा सम्मान, प्रो. नरेंद्र कुमार फिर बने ANRF की तकनीकी कार्यक्रम समिति के सदस्य

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) की शोध उत्कृष्टता को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. नरेंद्र कुमार को पुनः अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एएनआरएफ) के अंतर्गत पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान विषय की तकनीकी कार्यक्रम समिति (टीपीसी) का सदस्य नामित किया गया है। इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस अवसर पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रो. नरेंद्र कुमार को बधाई देते हुए इसे बीबीएयू की अनुसंधान क्षमता और वैज्ञानिक उत्कृष्टता का राष्ट्रीय सम्मान बताया।

देश में वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा दे रहा है एएनआरएफ
एएनआरएफ देश में अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली शीर्ष संस्था है। इसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना और वैश्विक स्तर पर भारत की शोध क्षमता को मजबूत बनाना है। हाल ही में एएनआरएफ ने एडवांस्ड रिसर्च ग्रांट (एआरजी) कार्यक्रम शुरू किया है, जिसे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अग्रणी क्षेत्रों में उच्च प्रभाव वाले मौलिक और अनुप्रयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है। इस योजना के तहत वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को अत्याधुनिक एवं नवोन्मेषी अनुसंधान के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
₹5 करोड़ तक के शोध प्रस्तावों का करेंगे तकनीकी मूल्यांकन
एआरजी योजना के तहत प्राप्त अनुसंधान प्रस्तावों के निष्पक्ष, पारदर्शी और वैज्ञानिक मूल्यांकन के लिए एएनआरएफ ने देशभर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को शामिल करते हुए विभिन्न विषयों की तकनीकी कार्यक्रम समितियों का गठन किया है। पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान विषय की समिति के सदस्य के रूप में प्रो. नरेंद्र कुमार अनुसंधान प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन करेंगे और अपनी अनुशंसाएं एएनआरएफ को भेजेंगे। यह समिति अधिकतम ₹5 करोड़ तक की वित्तीय सहायता तथा अधिकतम पांच वर्ष की अवधि वाले अनुसंधान प्रस्तावों के तकनीकी परीक्षण और मूल्यांकन के लिए अधिकृत है।

शोध उत्कृष्टता को मिला राष्ट्रीय सम्मान
प्रो. नरेंद्र कुमार का पुनर्नियुक्त होना पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट अनुसंधान, वैज्ञानिक विशेषज्ञता और उल्लेखनीय योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान माना जा रहा है। साथ ही यह उपलब्धि बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय की अनुसंधान उत्कृष्टता और अकादमिक गुणवत्ता को मिली राष्ट्रीय पहचान का भी प्रतीक है।
इस उपलब्धि पर पर्यावरण विज्ञान विभाग के सभी संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने प्रो. नरेंद्र कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी ने भारतीय वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को मजबूत बनाने में उनके सफल योगदान की कामना भी की।
