Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोंडा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भव्य आयोजन, 433 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे; जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

गोंडा: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से पंजीकृत जोड़ों में से 433 नवदंपतियों का विवाह पूरी धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया। इस दौरान सदर विधायक, मेहनौन विधायक, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

526 जोड़े पंजीकृत, 433 का हुआ विवाह

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों तथा नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों से कुल 526 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था। इनमें से 433 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 405 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया, जबकि 28 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार मौलवी साहिबे आलम की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

दो चरणों में आयोजित हुआ कार्यक्रम

रॉयल पैराडाइज मैरिज हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम को दो चरणों में संपन्न कराया गया। इसमें जिले की तीन तहसीलों और 13 विकासखंडों के लाभार्थियों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, जिला विकास अधिकारी आदित्य तिवारी, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने विवाह मंडप में पहुंचे नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

योजना के तहत आर्थिक सहायता और उपहार

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र जोड़े के लिए 64 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए विभिन्न उपयोगी उपहार भी दिए जाते हैं। इनमें स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, कन्या के लिए पांच साड़ी सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी और सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य घरेलू सामग्री शामिल है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------