Tuesday, August 4, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

आईजीआरएस प्रणाली के अंतर्गत बरेली ने प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में छठी रैंक अर्जित की

बरेली,02 अगस्त । जनसुनवाई (आईजीआरएस) प्रणाली के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के फलस्वरूप जनपद बरेली ने प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करते हुए माह जुलाई में प्रदेश में 6वीं रैंक अर्जित की है। यह उपलब्धि जनपद प्रशासन द्वारा शिकायतों के प्रभावी निस्तारण, सतत अनुश्रवण एवं अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित किए जाने के परिणामस्वरूप प्राप्त हुई है।

उल्लेखनीय है कि जनपद बरेली को माह मई में 17वीं रैंक तथा माह जून में 16वीं रैंक प्राप्त हुई थी। इसके उपरांत शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से निरंतर सुधारात्मक कार्यवाही किए जाने के फलस्वरूप जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए प्रदेश में 6वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों तथा प्रभावी कार्यप्रणाली का परिचायक है।

तहसीलवार प्रदर्शन की दृष्टि से तहसील फरीदपुर ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में 25वीं रैंक, तहसील मीरगंज ने 34वीं रैंक प्राप्त की। वहीं तहसील बहेड़ी, सदर एवं आंवला को 50वीं रैंक प्राप्त हुई। तहसील नवाबगंज को 95वीं रैंक प्राप्त हुई है, जिसके प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं।

जनपद प्रशासन का लक्ष्य जनसुनवाई प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करते हुए आगामी माह में प्रदेश की शीर्ष श्रेणी में स्थान प्राप्त करना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण, शिकायतकर्ता से प्रभावी संवाद तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------