सिख समाज को एकजुट करने का संकल्प, सरकार से उचित प्रतिनिधित्व की मांग
गोंडा, 3 अगस्त। उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के तत्वावधान में मालवीय नगर स्थित गुरुद्वारा श्री दुःख निवारण साहिब में आयोजित प्रांतीय बैठक में सिख समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार और सामाजिक-धार्मिक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के पदाधिकारियों एवं साध-संगत ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एवं कमेटी के चेयरपर्सन परविंदर सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र सिंह खुराना ने किया। परविंदर सिंह ने कहा कि सिख समाज सेवा, समर्पण, समानता और राष्ट्रभक्ति की परंपरा का वाहक रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से जोड़ने और समाज को एकजुट करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्हें शिरोपा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से समाज के संगठन को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार से विभिन्न सरकारी समितियों, आयोगों और सलाहकार निकायों में सिख समाज को समुचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई। इसके अलावा गुरुद्वारों को रियायती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने, अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा जिला एवं मंडल स्तर पर समन्वय समितियों को सक्रिय करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, भाईचारे और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
बैठक में लखनऊ, गोंडा, करनैलगंज, बलरामपुर, बहराइच, अयोध्या, बस्ती, टांडा, बाराबंकी सहित विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर महेंद्र सिंह छाबड़ा, राजेंद्र सिंह खुराना, अजीत सिंह सलूजा, रिप्पी भाटिया, जसपाल सिंह सलूजा, त्रिलोचन सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

