Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में ‘नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम का आयोजन

बरेली,03अगस्त। एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग के सभागार में कल ‘नशा मुक्त युवा’ (Nasha Mukt Yuva) अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र सिंह द्वारा नशा विरोधी शपथ (Anti-Nasha Oath) दिलाने से हुई, जिसे सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने एक स्वर में दोहराया और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. के.पी. सिंह का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रो. केपी सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और नशे के बढ़ते चलन को रोकना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर को पूर्णतः नशा मुक्त बनाने और छात्रों को जागरूक करने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। प्रो. सिंह ने सभी छात्रों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर हों।

शपथ ग्रहण के बाद, सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने दिल्ली से सीधा प्रसारित हो रहे ‘नशा मुक्त युवा’ के राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस कार्यक्रम की परिणति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुई। पीएम मोदी का युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश बेहद प्रेरक रहा।

इस अवसर पर मंच को फूलों की मालाओं से सजाया गया था और सभागार में नशा मुक्ति से जुड़े बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ अनिल कुमार यादव, प्रो एसके पांडे, प्रो विनय रिशिवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना से डॉक्टर राजीव कुमार यादव, सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक अधिकारी कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रति सभी के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------